क्षेत्र के महरौंडा गांव निवासी 60 वर्षीय ई-रिक्शा चालक मुबारक अली उर्फ जलेबी की बुधवार को जमखुरी ईदगाह के पास मैजिक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मैजिक को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।
मृतक के बड़े बेटे अख्तर अली की तहरीर पर ग्राम सिकंदरपुर (बराडीह) निवासी मैजिक चालक शिवम पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच करीब तीन घंटे तक समझौते को लेकर बातचीत हुई। आरोपी पक्ष पांच लाख रुपये देने की बात कर रहा था, जिसमें एक लाख रुपये नकद और चार लाख रुपये उधार देने की बात थी।
इस पर सहमति नहीं बनने के बाद परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। मुबारक अली के परिवार में उनकी पत्नी आसमां बानो, तीन पुत्र अख्तर अली, सलमान और जावेद हैं। साथ ही तीन पुत्रियां नसरीन बानो, परवीन बानो और राजा बानो भी हैं।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
सियाडीह बाजार में बुधवार को सुबह तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार पान विक्रेता बुजुर्ग की मौत हो गई। शंकरपुर (शाहीपुर) गांव निवासी रामराज गौड़ (75) दुकानों पर पान का पत्ता बेचते थे। सुबह 7 बजे के करीब वह हंडिया-जंघई मार्ग पर सियाडीह बाजार से गुजर रहे थे। तभी बाइक की चपेट में आने से वह घायल हो गए। सूचना पाकर परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग की सांस थम चुकी थी। कोतवाल ओमप्रकाश ने कहा कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
इलाज के दौरान अस्पताल में युवक की गई जान
इलाके के कोढ़निया गांव में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। तीमारदारों ने अस्पताल संचालक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान उरुवा गांव के अशोक कुमार के रूप में हुई है। अशोक का इलाज पिछले तीन माह से निजी अस्पताल में चल रहा था। मंगलवार रात उसकी हालत बिगड़ने पर उसे शहर रेफर किया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद तीमारदारों ने अस्पताल के सामने शव रखकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की लापरवाही से ही अशोक की जान गई है। तीमारदार आरोपी अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
डंपर की टक्कर से दो सगे भाई गंभीर
खजुरी गांव में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से स्कूल से लौट रहे दो सगे भाई विकास कुशवाहा के पुत्र रितेश (10) और सनी (7) गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर की चपेट में आने से दोनों सड़क पर गिर गए थे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन घायल बच्चों को अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत नाजुक है। पुलिस डंपर की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
मुबारक अली उर्फ जलेबी की फाइल फोटो- फोटो : Samvad