फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: निर्माण कार्यों की धूल सांस के मरीजों की दुश्मन

Wed, 18 Nov 2026 02:27 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रयागराज
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में सड़क और पुल निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी से फैल रहा धूल का गुबार सांस रोगियों के लिए बड़ा संकट बन गया है। बदलते मौसम के बीच यह स्थिति क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) से पीड़ित मरीजों के लिए गंभीर खतरा है। एसआरएन अस्पताल के टीबी चेस्ट विभाग में रोजाना चार से पांच मरीज सांस संबंधी परेशानी लेकर पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

डॉक्टरों के मुताबिक, निर्माण कार्यों के दौरान मिट्टी, सीमेंट, बालू और अन्य सामग्री से निकलने वाले महीन कण हवा में घुलकर सांस के जरिये शरीर में पहुंचते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से श्वसन तंत्र प्रभावित होता है। विशेष रूप से सीओपीडी के मरीजों में खांसी, सांस फूलने, सीने में जकड़न और बलगम जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। कई बार प्रदूषण और धूल के कारण बीमारी का अचानक बढ़ना भी संभव है।
मौसम में उतार-चढ़ाव भी सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ा सकता है। तापमान में बदलाव, ठंडी हवा और वातावरण में मौजूद प्रदूषक कण श्वसन नलिकाओं को प्रभावित करते हैं। ऐसे में निर्माण स्थलों के आसपास रहने वाले बुजुर्गों, बच्चों और पहले से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
विज्ञापन

जानिए सीओपीडी
यह फेफड़ों की एक गंभीर और लंबे समय तक चलने वाली (क्रोनिक) बीमारी है। इसमें फेफड़ों में हवा का प्रवाह बाधित हो जाता है और सांस लेना मुश्किल हो जाता है।

ठंड में बरतें सावधानी
-बाहर निकलते समय चेहरे पर स्कार्फ या मास्क पहनें ताकि फेफड़ों तक पहुंचने वाली ठंडी हवा थोड़ी गर्म और नम हो सके।
-बहुत ज्यादा ठंड, कोहरे या सर्द हवाओं वाले दिनों में बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें। सुबह के समय जब ठंड और प्रदूषण ज्यादा हो, तब टहलने से बचें।
-फ्लू और निमोनिया जैसे संक्रमण सीओपीडी के मरीजों के लिए गंभीर हो सकते हैं। अपने डॉक्टर की सलाह से फ्लू शॉट्स और निमोनिया का टीका समय पर लगवाएं।
-ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की कई परतें पहनें ताकि शरीर का तापमान सामान्य बना रहे।
-सर्दियों में शुष्क हवा के कारण बलगम गाढ़ा हो सकता है। पर्याप्त मात्रा में पानी, गुनगुना पानी या अन्य तरल पदार्थ पिएं। जरूरत पड़ने पर घर में ह्यूमिडिफायर का उपयोग करें।
-डॉक्टर की तरफ से दी गई नियमित दवाएं और आपातकालीन इनहेलर हमेशा अपने पास रखें। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं बंद न करें।
- घर के अंदर लकड़ी, सिगरेट या कोयले का धुआं न होने दें। एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है।
-बार-बार साबुन से हाथ धोएं और बीमार या सर्दी-जुकाम से पीड़ित लोगों के संपर्क में आने से बचें।

निर्माण कार्यों के दौरान नियमित पानी का छिड़काव और मलबे को ढककर रखना जरूरी है। मजदूरों को मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाने चाहिए। बदलते मौसम में सीओपीडी के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरी है। धुंध व कोहरा होने पर सुबह और शाम घर से बाहर न निकलें। अपने चिकित्सक के संपर्क में रहें। -डॉ. एडी शुक्ला, टीबी चेस्ट रोग विभाग, मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें