Prayagraj News : कल्पवास खत्म होने के बाद लौटते समय मेला क्षेत्र में भीषण जाम लग गया।
- फोटो : अमर उजाला।
पिछले कई दिनों से जाम की समस्या से दो-चार हो रहे संगमनगरी के लोगों को रविवार को एक बार फिर भीषण जाम से जूझना पड़ा। माघ मेले के अंतिम स्नान पर्व माघी पूर्णिमा के दिन यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए किए गए इंतजाम ध्वस्त हो गए। मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में दिनभर वाहन रेंगते रहे।
माघी पूर्णिमा पर रविवार को सुबह से ही कल्पवासियों की मेला क्षेत्र से वापसी का सिलसिला शुरू हो गया। उधर अंतिम स्नान पर्व होने के कारण बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी मेला क्षेत्र का रुख किया। इसके चलते देखते ही देखते मेला क्षेत्र तक जाने और वापसी के सभी मार्गों पर वाहनों की कतार लग गई। यह कतार बीतते वक्त के साथ और लंबी होती गई और दोपहर दो बजे के बाद हालात दुश्वार होने लगे। जीटी जवाहर, अलोपी चुंगी, हर्षवर्धन चौराहा, नया पुल, बांगड़ चौराहा सोहबतियाबाग समेत आसपास के अन्य इलाकों में जाम की समस्या खड़ी हो गई।