Prayagraj News : रोटरी क्लब के कार्यक्रम में बोलतीं फिल्म अभिनेत्री महिमा चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला।
रोटरी क्लब के 38 वें प्रांतीय अधिवेशन में रविवार को शहर पहुंची सिनेमा जगत की अदाकारा महिमा चौधरी ने कहा कि देश के जिस भी कोने में गई हूं। हर जगह रोटरी क्लब मौजूद है। इस क्लब को सफलतापूर्वक चलाने के लिए डॉक्टरों की मेहनत को सलाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार राजनयिक डॉ. दीपक वोरा ने कहा कि भारत एक मात्र ऐसा देश है जो विकसित और विकासशील दोनों देशों के बीच सेतु का काम कर रहा है। इसमें डॉक्टरों के नवीन मस्तिष्क का अहम योगदान है। कोरोना काल में आप लोगों की मेहनत दुनिया के लिए मिशाल बनी और देश का नाम रोशन किया है।
तीन दिवसीय अधिवेशन के अंतिम दिन फिल्म अभिनेत्री महिमा चौधरी ने अपने फिल्मी सफर को साझा किया। उन्होंने कहा कि वह खुद कैंसर पीड़ित रही और बीमारी के इलाज के अनुभवों को लोगों के सामने रखा। साथ ही मौजूद सभी डॉक्टरों और उनके परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य बीमा कराने अपील की।
एमबीए चायवाला के नाम से मशहूर प्रफुल्ल बिल्लौरे ने अपने कारोबार के शुरुआती दिनों के संघर्षों को लोगों के बीच रखा। उन्होंने बताया कि किस तरह डेढ़ साल तक अकेले ठेला लगाकर चाय बेची है। उसी का नतीजा है कि आज देशभर में 200 से अधिक शाखाएं और करीब 1200 लोगों को एमबीए चायवाला ने रोजगार दिया है। कोई भी काम छोटा नहीं होता है बस उसे करने की ललक होनी चाहिए। जीवन में शर्म छोड़ो और कर्म करो यही सफलता का मूलमंत्र है।