हालांकि, कानपुर शताब्दी के रखरखाव को लेकर जीएम एनसीआर ने जरूर दुविधा जताई। डुप्लीकेट प्रयागराज सप्ताह में दो या तीन दिन चलाए जाने के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजने की बात कही गई। सूबेदारगंज का नाम प्रयागराज कैंट रखे जाने के मामले में राज्य सरकार की ओर से यह प्रस्ताव रेल मंत्रालय को भेजे जाने की बात कही गई।बैठक में सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने मेजा रोड अंडरपास में जलभराव की समस्या हल करने, मांडा रोड फ्लाईओवर को जल्द पूरा करने, करछना में साधूकुटी, मनैया मार्ग पर अंडरपास, मेजा रोड से मांडा-कोरांव-खीरी-नारी-बारी होते हुए रीवा तक नई रेलवे लाइन बिछाने की मांग की।
सांसद कानपुर सत्यदेव पचौरी ने कानपुर से मुंबई के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाए। फिरोजाबाद सांसद डॉ. चंद्रसेन जादोन ने कानपुर शताब्दी आदि ट्रेनों का ठहराव फिरोजाबाद में किए जाने की मांग उठाई।
इसके पूर्व बैठक में आए सात सांसदों एवं आठ सांसदों के जनप्रतिनिधियों का जीएम एनसीआर ने स्वागत किया। इस अवसर पर डीआरएम हिमांशु बडौनी, उप महाप्रबंधक/सामान्य अंकुर चंद्रा, सचिव महाप्रबंधक अजय सिंह, सीनियर डीसीएम शशि भूषण, हिमांशु शुक्ला आदि मौजूद रहे।
रेल अंडरब्रिज में जलभराव का उठा मुद्दा
मोदी सरकार की राज्यमंत्री एवं सांसद फतेहपुर साध्वी निरंजन ज्योति ने रेलवे द्वारा बनाए जा रहे रेल अंडरब्रिज में बारिश के दौरान जलभराव का मुद्दा जोर शोर से उठाया। कहा कि बरसात के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। खागा में मुरी एक्सप्रेस का ठहराव एवं चौरीचौरा एक्सप्रेस में जनरल कोच बढ़ाने का भी उन्होंने सुझाव दिया। सोनभद्र से आए राज्यसभा सदस्य राम शकल ने चोपन-प्रयागराज के बीच मेमू चलाने एवं प्रयागराज संगम से बरेली के बीच चल रही बरेली एक्सप्रेस का विस्तार पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक करने की मांग की।
सीएम योगी के कार्यक्रम के बाद पहुंचे तीन सांसद
प्रयागराज में सीएम योगी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सांसद केशरी देवी पटेल, डॉ. रीता बहुगुणा जोशी एवं विनोद सोनकर होटल कान्हा श्याम पहुंचे। उनके पहुंचने के पूर्व बैठक में मौजूद चार सांसद एवं आठ सांसदों के प्रतिनिधि अपनी बात रख चुके थे।