कोरोना के खतरे के कारण सीबीएसई, आईसीएसई एवं यूपी बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं, कॉपियों का मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम फंस गया है। बोर्ड की परीक्षाएं समय से पूरी न होने और कॉपियों का मूल्यांकन समय से पूरा न होने पर रिजल्ट फंसने के साथ परीक्षा पास करने वालों का आईआईटी, एनआईटी सहित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश पिछड़ जाएगा।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं, उनकी कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होने के दो दिन बाद स्थगित कर दिया गया। अब मूल्यांकन कब शुरू होगा, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। कोरोना का खतरा कम होने के बाद ही मूल्यांकन शुरू हो पाएगा। इससे पहले यूपी बोर्ड की ओर से कॉपियों का मूल्यांकन 25 मार्च तक पूरा करके अप्रैल के अंत तक परिणाम घोषित करने की तैयारी थी।
अब पूरी परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित होगी। सीबीएसई और आईसीएसई की अभी कई विषयों की परीक्षाएं पूरी होनी है। सीबीएसई में दसवी की मुख्य विषयों की सभी परीक्षाएं हो गई हैं जबकि वैकल्पिक विषयों में कंप्यूटर साइंस की परीक्षा बाकी है। बारहवीं में अभी कई विषयों की परीक्षाएं नहीं हो सकी हैं, इन परीक्षाओं को पूरा किया जाना है। पूर्वी दिल्ली में दंगे के चलते सीबीएसई और आईसीएसई परीक्षाएं स्थगित की गई थीं, इन परीक्षाओं को समय से पूरा करने के बाद मूल्यांकन होगा।