मधुमेह और ब्लड प्रेशर शरीर में चुपके से सेंध लगाने वाले दो बड़े चोर हैं। ये कब और कैसे शरीर में प्रवेश कर जाएं, कहा नहीं जा सकता। ऐसे में शरीर के भीतर घुसकर दिमाग को खोखला बनाने और कई तरह की हानि पहुंचाने वाले ऐसे चोरों से सजग रहें। आम तौर पर अनियमित दिनचर्या और तनाव के कारण होने वाली इस खतरनाक बीमारी से स्वस्थ जीवन शैली को अपनाकर बचा जा सकता है। यह बातें आगरा मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एंड हेड डॉ. पीके माहेश्वरी ने शनिवार को मधुमेह रोग विशेषज्ञों के 12वें अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में कहीं।
मधुमेह की बढ़ती बीमारी की वजहों को डॉ. पीके माहेश्वरी ने विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने इस बीमारी के कारण भी बताए और बचाव के आसान उपाय भी। उन्होंने बताया कि आम तौर पर मधुमेह की दर लोगों में तेजी से बढ़ रही है। इस बीमारी के लक्षणों में याददाश्त की कमी, चेहरे पर उदासी और गुस्सा प्रमुख हैं। अगर इस तरह के लक्षण दिखते हैं तो चिकित्सक से परामर्श जरूर लिया जाना चाहिए।