रविवार सुबह यमुना नदी के बसवार घाट के निकट एक मछुआरे के जाल में संरक्षित डॉल्फिन फंस गई। यह देखकर घबराए मछुआरे ने शोर मचाया। सूचना पाकर गंगा प्रहरी चंद्र निषाद टीम सदस्यों के साथ वहां पहुंचे। डॉल्फिन को जाल काटकर सावधानी से निकालकर उसकी जान बचाई गई। वन विभाग के कर्मचारियों ने डॉल्फिन को गहरे पानी में छोड़ दिया।
राष्ट्रीय जलीय जीव डॉल्फिन के जाल में फंसने की सूचना पाकर गंगा प्रहरी चंद्र निषाद, टीम के अंशु निषाद, संदीप कुमार निषाद, सूरज निषाद, राज कुमार निषाद, राहुल निषाद, अमित निषाद, प्रदीप निषाद, जितेंद्र निषाद समेत 20 गंगा प्रहरी बसवार पहुंचे। सावधानी से जाल काटकर डॉल्फिन को अलग किया गया। इस बीच डीएफओ वाईके शुक्ला के निर्देश पर वन कर्मियों को मौके पर भेजा। वन कर्मियों ने डॉल्पिन को वहां से दूर ले जाकर साफ और गहरे पानी में छोड़ दिया। करीब एक घंटे तक निगरानी भी की गई।