सीजीएल 2021 टियर 3 परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल)- 2021 की टियर-3 परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी कर दिया गया है। लेकिन अभी तक टियर-2 का परिणाम जारी नहीं हो सका है। मध्यक्षेत्र में यह परीक्षा 21 अगस्त को यूपी और बिहार के विभिन्न जिलों में बनाए गए केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। टियर थ्री परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंटस की जांच की जाएगी।
एसएससी की सीजीएल-2021 टियर-वन परीक्षा का परिणाम चार जुलाई 2022 को घोषित किया गया था। इस परीक्षा में देश भर से कुल 1,25,426 और मध्यक्षेत्र के 33107 अभ्यर्थी सफल हुए थे। टियर-2 परीक्षा मध्यक्षेत्र में आठ और 10 अगस्त को 14 जिलों में 106 केंद्रों पर कराई गई थी। केंद्र सरकार में विभिन्न विभागों में कुल 7686 पदों को भरने के लिए यह परीक्षाएं कराई जा रही हैं।
एसएससी की ओर से टियर-3 परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं लेकिन अभी टियर-2 का परिणाम नहीं घोषित हुआ है। इस बारे में क्षेत्रीय निदेशक राहुल सचान का कहना है कि टियर-2 परीक्षा में शामिल हुए सभी अभ्यर्थी टियर-3 की परीक्षा देंगे। टियर-2 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की ही टियर-3 की उत्तर पुस्तिका की जांच होगी। इससे समय की बचत होगी और भर्ती प्रक्रिया को समय से पूरा किया जा सकेगा।