prayagraj news : जिला पंचायत कार्यालय।
- फोटो : prayagraj
शनिवार को होने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शुक्रवार रात से ही जिला पंचायत कार्यालय के आसपास का इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एक हजार से ज्यादा अफसरों-जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा मतदान के दौरान ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होना है, जिसके लिए बैरिकेडिंग व सुरक्षा संबंधी अन्य तैयारियों को शाम तक अंतिम रूप दे दिया गया। पुलिस अफसरों ने बताया कि मतदान के दौरान एक हजार से ज्यादा जवान व अफसर ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, जिन पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कराने की जिम्मेदारी होगी। एसओजी की टीमें सादे कपड़ों में तैनात रहेंगी। इसके अलावा नजर रखने के लिए एलआईयू को भी लगाया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनाती
सीओ-सात, इंस्पेक्टर-14, एसआई-100, कांस्टेबल-300(200 पुरुष-100 महिला), एक कंपनी पीएसी
जिपं कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर आवागमन प्रतिबंधित
मतदान के मद्देनजर जिला पंचायत कार्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस की ओर से बताया गया कि महाराणा प्रताप से आनंद अस्पताल चौराहा, महाराणा प्रताप से मनमोहन पार्क चौराहा, मनमोहन पार्क से आनंद अस्पताल चौराहे से वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। म्योहाल से कचहरी की ओर जाने वालों को ट्रैफिक चौराहे से आनंद अस्पताल से बाएं होकर भेजा जाएगा।