पहले चार एवं पांच अप्रैल को कौशाम्बी महोत्सव और अब शनिवार को इलाहाबाद परेड ग्राउंड में 684 करोड़ की परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में भी सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की गैर मौजूदगी ने हर किसी को चौंका दिया। इन दो बड़े कार्यक्रमों में उनके न आने को लेकर भाजपा में तमाम तरह की चर्चाएं रहीं। क्योंकि यह पहला मौका है कि जब इलाहाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य के बिना किसी कार्यक्रम में शिरकत की।
खास बात यह रही कि परेड ग्राउंड में शिलान्यास एवं गंगा हरीतिमा अभियान-2018 के शुभारंभ कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होना था। इस कार्यक्रम में एडीए के बाद सर्वाधिक 25 कार्य लोक निर्माण विभाग के ही रहे, जिनका शिलान्यास सीएम योगी ने किया। जबकि लोक निर्माण विभाग डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पास है। इसके पूर्व चार एवं पांच अप्रैल को कौशांबी महोत्सव में भी केशव मौर्य की गैर मौजूदगी चर्चा का विषय रही थी। महज तीन दिन के अंतराल पर दो बड़े कार्यक्रमों से केशव मौर्य की दूरी ने राजनीतिक गलियारे में हलचल मचा दी है। कार्यक्रम स्थल में भी केशव की गैर मौजूदगी को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जाते रहे।
दरअसल शनिवार को सीएम योगी ने जिन कार्यों का शिलान्यास किया उसमें से अधिकांश के लिए केशव मौर्य ने ही पैरवी की थी। भाजपा के अंदर खाने इस बात की भी चर्चा है कि फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद इस समय लखनऊ में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। शायद इसी वजह से उपचुनाव में मतदान करने के बाद 11 मार्च के बाद से अब तक केशव मौर्य इलाहाबाद नहीं आए हैं। इसके पूर्व उन्हें छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आना था। इस कार्यक्रम का प्रोटोकाल भी जारी हुआ, लेकिन छह अप्रैल की सुबह ही उनके आने का कार्यक्रम स्थगित हो गया।
‘ महर्षि कश्यप जन्मोत्सव समारोह में शिरकत करने एवं संगठन के काम की वजह से यूपी के शामली जिले में गया था। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने भी शिरकत की। इसी वजह से इलाहाबाद नहीं आ सका। शीघ्र ही इलाहाबाद आने का कार्यक्रम है।’
00 केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम, उत्तर प्रदेश ।
परेड ग्राउंड में गंगा हरीतिमा अभियान-2018 के शुभारंभ एवं कुंभ 2019 की 684 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में सूबे की पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी भी गैर हाजिर रहीं। जबकि इस कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र पर उनके नाम का उल्लेख किया गया था। भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला ने बताया कि दुबई में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वह गई हुई हैं। इसी वजह से वह शनिवार को परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। अगले सप्ताह उनके इलाहाबाद आने का कार्यक्रम है। वहीं दूसरी ओर सूबे के चिकित्सा मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह की गैर मौजूदगी को लेकर उठे सवाल पर उनके मीडिया प्रभारी दिनेश तिवारी ने बताया कि एक जरूरी काम की वजह से उन्हें दिल्ली जाना पड़ा। इस वजह से वे कार्यक्रम में भाग नहीं ले सके।