कोखराज कोतवाली के नया तारा गांव के समीप मंगलवार शाम ईंट से कूंचकर ट्रक चालक की हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। वसीम के हत्यारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वसीम को उसके दोस्त ने ही मारा था। आरोपी दोस्त ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि वसीम के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे।समझाने के बाद भी जब वसीम नहीं सुधरा तो उसने हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस ऑफिस में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी अभिनंदन ने बताया कि कोखराज कोतवाली के मारुफपुर गांव निवासी मृतक मो. वसीम (29) पुत्र मो. नसीम पेशे से ट्रक चालक था। वसीम अहमदाबाद से बंगलूरू के बीच हाईवे पर ट्रक चलाता था। अविवाहित वसीम का चाल-चलन ठीक नहीं था। उसके कई महिलाओं से अवैध संबंध थे। इस दौरान उसकी मुलाकात कोखराज इलाके के ही चमरूपुर गांव निवासी अब्दुल समीर से हुई। अब्दुल समीर हैदराबाद में रहकर बढ़ई का काम करता था।
क्षेत्रीय होने के नाते वसीम ने अब्दुल समीर से दोस्ती कर ली। वसीम जब भी घर आता था तो वह अब्दुल समीर के यहां भी जाता था। इस दौरान उसके अब्दुल समीर की पत्नी से संबंध बन गए। अब्दुल समीर को भी दोनों के बीच अवैध रिश्ते की जानकारी हो गई थी। अब्दुल समीर ने वसीम को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। इसी वजह से उसकी शादीशुदा जिंदगी में दरार आ गई थी। पत्नी भी उसका साथ छोड़कर मायके पश्चिमशरीरा में रहने लगी। वसीम का पश्चिमशरीरा में भी आरोपी की पत्नी से मिलना-जुलना जारी रहा।
वसीम को शराब पीने की लत थी। इसी का फायदा उठाते हुए अब्दुल समीर ने उसे मंगलवार को नया तारा गांव बुलाया। वसीम को शराब पिलाने के बाद उसने उसे फिंगर चिप्स लेने के लिए भेजा। इस बीच वह पास से दो ईंटें लाया। वसीम जब नशे में झूमने लगा तो उसने सिर पर ईंटों से वार कर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर कोखराज पीके राय व एसओजी प्रभारी संजय गुप्ता ने टीम ने 24 घंटे के भीतर तमाम साक्ष्य संकलित कर आरोपी अब्दुल समीर को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी के खिलाफ लिखापढ़ी कर आरोपी को चालान कर दिया गया है।
पुलिस के खुलासे में है तमाम झोल
वसीम हत्याकांड का भले ही पुलिस ने खुलासा कर दिया, लेकिन उसमें तमाम झोल हैं। दरअसल, घटनास्थल पर दो ईंटें मिली थीं, जिनमें खून लगा था। पुलिस ने अपनी बरामदी में एक खून लगी ईंट का जिक्र किया। एएसपी समर बहादुर का कहना है कि हत्यारे ने सिर्फ एक ईंट का इस्तेमाल किया, जबकि वह दूसरी को साथ लेकर आया था। घटनास्थल पर मिली शराब की खाली शीशी के बाबत भी पुलिस का कहना है कि वसीम व हत्यारोपी अब्दुल समीर ने साथ में बैठकर शराब पी। अब सवाल यह है कि अगर उन लोगों के बीच रंजिश थी तो वह शराब कैसे पी सकते हैं?