हरिसेनगंज-राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कार्यक्रम प्रस्तुत करते प्रशिक्षु
- फोटो : संवाद
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ददौली में शुक्रवार को अंतिम वर्ष के प्रशिक्षुओं के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रशिक्षुओं की मेहनत और उपलब्धियों को सराहा गया साथ ही उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान से मिली शिक्षा को वे अपने कार्यक्षेत्र में सिद्ध करें। विदाई समारोह में प्रशिक्षुओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न ट्रेडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सेवायोजन अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार के स्किल इंडिया मिशन के तहत पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ एक अगस्त से संस्थान में किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से अभ्यर्थियों को सोलर पैनल इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस का कौशल मिलेगा, जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि संस्थान में विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। जिसमें प्रवेश की अंतिम तिथि 4 अगस्त है। इस दाैरान अतुल कुमार, शक्ति सिंह, उमेश चंद्र, धीरज कुमार, सुधीर आदि माैजूद रहे।