रेलमंत्री पीयूष गोयल शनिवार को इलाहाबाद नहीं आए। एन वक्त पर उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया। उनके आगमन को लेकर उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रशासन ने खासी तैयारी की थी। महाप्रबंधक राजीव चौधरी भी शनिवार की सुबह इलाहाबाद पहुंच गए थे। दोपहर में स्पष्ट हुआ कि रेलमंत्री नहीं आ रहे हैं। हालांकि रेलमंत्री ने दोपहर में कोयला मंत्रालय, रेलवे के सभी जोनल एवं एनसीआर अफसरों के साथ दिल्ली से वीडियो कांफ्रेसिंग की।
दिन में एक बजे शुरू हुई वीडियो कांफ्रेसिंग देर शाम तक चली। इस दौरान जब एनसीआर की बारी आई तो मुख्य एजेंडा कुंभ मेला ही रहा। रेल मंत्री ने एनसीआर अफसरों से क्राउड मैनेजमेंट के बारे में जानकारी ली। अफसरों ने क्राउड मैनेजमेंट को लेकर अपनी तैयारियों का ब्यौरा रेलमंत्री के समक्ष रखा। कुंभ अवधि में प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान मालगाड़ियों की आवाजाही बंद होने से कोयले की आपूर्ति पर प्रभाव न पड़े इस बारे में भी रेलमंत्री ने अफसरों से जानकारी ली। दरअसल रेलमंत्री के पास कोयला मंत्रालय भी है। कुंभ के दौरान विद्युत उत्पादन इकाइयों में कोयले की आपूर्ति प्रभावित न हो इसके लिए अभी से ही जरूरी उपाय करने पर रेलमंत्री का जोर रहा। क्योंकि झारखंड, बिहार से तमाम मालगाड़ियां कोयला लेकर इलाहाबाद के रास्ते ही निकलती है। कुंभ के प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान मालगाड़ी की आवाजाही बंद कर दिए जाने से उसके वैकल्पिक रास्ते पर भी अफसरों के साथ रेलमंत्री ने चर्चा की। रेलमंत्री ने कहा कि कुंभ से जुड़े कार्यों को देखने के लिए वे जल्द ही इलाहाबाद आने का कार्यक्रम बनाएंगे। वीडियो कांफ्रेसिंग में जीएम एनसीआर राजीव चौधरी, सेक्रेटरी जीएम अमित मिश्र आदि के साथ सभी वरिष्ठ अफसर आदि मौजूद रहे।