मंसूराबाद। मंसूराबाद में दो सफाईकर्मियों की तैनाती के बावजूद गली- गली गंदगी का अंबार लगा है। सोनौटी मुहल्ले में सीसी सड़क पर इस कदर कूड़ा इक्कट्ठा हो गया कि रास्ता ही ब्लॉक हो गया। मुख्य बाजार, आनापुर रोड, मेंडारा मार्ग के अलावा अनेक मुहल्ले गंदगी के लोग सड़कों पर गंदगी के ढ़ेर से परेशान हैं।
लखनऊ नेशनल हाइवे पर स्थित मंसूराबाद ग्राम पंचायत की अधिकांश आबादी बाजार में रहती है। बाजार के प्रत्येक गलियों में सड़क के साथ नालियां तो बनी हैं लेकिन सफाई न किए जाने से नालियों में गंदगी पटते-पटते सड़क पर भी ढेर लग गया है। स्थानीय क्षेत्र पंचायत सदस्य तीरथ लाल केसरवानी और नगऊ सरोज ने इसकी शिकायत भी उच्चाधिकारियों से कई बार की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। सोनौटी मुहल्ला में सीसी रोड पर गंदगी का इस कदर आलम है कि रास्ता बंद हो गया है। गांव के फूलचंद्र सोनी, राम प्रताप सोनी कहते हैं कि काफी मशक्कत के बाद गांव में दो सफाईकर्मियों की नियुक्ति तो की गई, इसके बावजूद स्थिति जस की तस है।
उधर बाजार के मुख्य मार्ग से उत्तर की ओर जा रही सड़क पर भी गंदगी का अंभार है। एक विद्यालय के संचालक दिलीप केसरवानी व दिलीप पुष्पाकर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गांव के सफाईकर्मी एक-दो जगह सफाई करके ही फुरसत हो जाते हैं।
इस संबंध में विकास खंड शृंग्वेरपुर धाम के एडीओ पंचायत रामवीर सिंह गांव में दो सफाईकर्मियों की नियमित नियुक्ति करने की बात करते हुए कहते हैं कि बाजारी ग्राम पंचायत है। सफाई होती रहती है, गंदगी ज्यादा होने पर रोस्टर लगाकर करा दी जाएगी।