एलएलबी का नियमित छात्र होने के बाद भी ग्राम पंचायत कनिगड़ा में डॉटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति करने के आरोप में प्रधान, सचिव, डॉटा इंट्री ऑपरेटर सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी के तहत एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर एडीओ पंचायत उरुवा की तहरीर पर दर्ज की गई है।
दर्ज एफआईआर के मुताबिक, राहुल कुमार ने बाबू संकठा प्रसाद मिश्रा विधि महाविद्यालय में एलएलबी का नियमित छात्र होने के बाद भी जून 2022 में उरुवा ब्लॉक के कनिगड़ा ग्राम पंचायत में डॉटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति ली थी।
आरोप है कि कनिगड़ा प्रधान केशव दास के साथ मिलकर राहुल कुमार ने कुटरचित प्रपत्र तैयार कर अध्ययनरत होने की बात छिपाते हुए गलत तरीके से नियुक्ति प्राप्त की। नियुक्ति प्रक्रिया में तत्कालीन सचिव रोहित भारतीया और ग्राम पंचायत अधिकारी गामा यादव के सहयोग व हस्ताक्षर से ग्राम पंचायत निधि से जून 2022 से अब तक लगातार प्रतिमाह छह हजार रुपये के हिसाब से धन का आहरण किया जाता रहा।
एडीओ पंचायत की तहरीर पर मेजा पुलिस ने डाटा इंट्री ऑपरेटर राहुल कुमार, प्रधान केशव दास, तत्कालीन सचिव रोहित भारतीया और गामा यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की है। मेजा के एसीपी संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।