प्रयागराज। कटरा में लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले सचिन मिश्रा (24) ने फांसी लगाकर जान दे दी। दोपहर में जब उसका रूम पार्टनर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसी तरह का कोई सुसाइड नोट कमरे से नहीं बरामद हुआ है।
सचिन पुत्र शिवलखन मिश्रा मूल रूप से उजाहिन डीह, मानिकपुर प्रतापगढ़ का रहने वाला था। जो 2017 से कटरा स्थित एपीएस लॉज में किराये का कमरा लेकर तैयारी करता था। पुलिस के मुताबिक, लॉज में उसके साथ उसका रूम पार्टनर प्रमोद यादव भी रहता था, जो पिछले दिनों गांव गया था। मंगलवार दोपहर लौटने पर उसने देखा कि दरवाजा भीतर से बंद है।
कई बार आवाज देने पर भी जवाब नहीं मिला तो उसने अगल-बगल रहने वाले छात्रों को जानकारी दी। कमरे में पार्टीशन के लिए लगाया गया टिन शेड हटाकर देखने पर सचिन फांसी पर लटका दिखाई दिया, जिससे हड़कंप मच गया। सूचना पर मैनेजर रजनीश पाठक व पुलिस भी आ गई। जांच पड़ताल में किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह नहीं स्पष्ट हो सका कि छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
स्तब्ध था भाई, दोस्त भी दुखी
छात्र की खुदकुशी की जानकारी मिली तो सुल्तानपुर में पुलिस विभाग में तैनात उसका भाई भी आ गया। भाई के इस कदम से वह स्तब्ध था। उधर लॉज में रहने वाले अन्य छात्र भी दुखी थे। पुलिस का कहना है कि यह भी जानकारी मिली है कि कुछ समय पहले नौकरी की तलाश में छात्र मुंबई भी गया था।