उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रविवार को पहली बार शहर में आए केशव प्रसाद मौर्य ने अफसरों के साथ बैठक कर सरकार की योजनाओं और प्राथमिकताओं को उनके सामने रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के संकल्प पत्र का पूरी तरह से पालन हो। यदि किसी के पास संकल्प पत्र नहीं है तो उसे प्राप्त कर लें और उसके अनुरूप कार्य शुरू कर दें।
उप मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने पुलिस अफसरों से बिना दबाव में आए काम करने की बात कही। स्पष्ट किया कि अब प्रदेश में किसी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधी जेल में होंगे। उन्होंने जिले को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का भी निर्देश दिया। डीएम को निर्देश दिया कि तहसील और ब्लाक में फरियादियों को गंभीरता से सुना और उनकी शिकायतों का रिस्तारण किया जाए। उन्होंने डीएम को खुद निगरानी करने के लिए कहा। शौचालयों के औचक निरीक्षण की बात कही। शौचालयों का औचक निरीक्षण वह स्वयं करेंगे। इसमें भ्रष्टाचार मिला तो दोषी के खिलाफ एफआईआर लिखाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट, तहसील, ब्लाक, नगर निगम, एडीए सहित सभी विभागों में सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ अपात्र लोगों को न मिलने पाए। उन्होंने बीज, खाद आदि का समय से वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यालयों में साफ-सफाई रखने के साथ स्वच्छता को जन अभियान बनाने की बात कही। पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिया कि श्रृंगवेरपुर के सौंदर्यीकरण का काम जल्द शुरू करें। बिजली विभाग के अफसरों को जर्जर तार, ट्रांसफार्मर आदि बदलने का निर्देश दिया। बिजली चोरों के खिलाफ सख्ती से पेश आने की बात कही। केशव ने पूरे शहर को एलईडी युक्त करने का निर्देश दिया। नगर निगम के अफसरों से यह भी कहा कि सभी खंभों पर ऑटोमेटिक सिस्टम लगाए जाएं। ताकि दिन में लाइटें अपने आप बुझ जाएं। एलडीए को नई कालोनियों में एलईडी लगाने का निर्देश दिया। उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कालेज के प्राचार्य को नवनिर्मित ट्रामा सेंटर को शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया। कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए कि अकस्मात स्थिति में किसी भी मरीज को इलाज के लिए दिल्ली या लखनऊ न जाना पड़े। उप मुख्यमंत्री ने अफसरों के सामने अन्य योजनाएं भी रखीं। बैठक में डीएम, एसएसपी समेत कई विभागों के अफसर मौजूद रहें।
इलाहाबाद। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने थानों के माहौल में सुधार की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि थानों में ऐसा वातावरण हो कि गरीब न्याय मांगने जाए तो उसे किसी से डर न हो। उसे बैठने के लिए कुर्सी मिले। पानी आदि की भी समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था ही सबसे बड़ा मुद्दा है। इस पर प्रभावी नियंत्रण हो। पुलिस अधिकारियों से कहा कि थानों और चौकियों में बिना दबाव के काम किया जाए। अपराधियों की सूची बनाकर उचित स्थान पर पहुंचाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इलाहाबाद में सफाई अभियान का भी निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि उनका कार्यक्रम आ चुका है। उसके अनुसार हाईकोर्ट के समारोह में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री को वापस हो जाना है लेकिन उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अफसरों के साथ बैठक में संकेत दिया कि वह स्वच्छ वार्ड का निरीक्षण भी कर सकते हैं। इस बाबत उन्होंने नगर आयुक्त को स्वच्छ वार्ड तथा मोहल्लेवार सूची बनाकर प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया।
उप मुख्यमंत्री ने अफसरों को अर्द्धकुंभ-2019 को जिले के विकास के लिए एक अवसर के रूप में लेने का निर्देश दिया। उन्होंने इस बाबत सभी विभागों से कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के लिए कहा। केशव ने अर्द्धकुंभ के सभी काम अक्तूबर 2018 तक पूरा कर लेने की हिदायत दी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और प्रदेश सरकार के पास विकास की बहुत सी योजनाएं हैं। अधिकारी प्रयास कर इन योजनाओं को लाकर जिले का विकास का सुनिश्चित करें। एनएच के अफसरों से कहा कि सभी सड़कों की जानकारी प्राप्त कर लें। कहीं सड़क बनाने की जरूरत है तो उसका प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें। कोई भी काम रुकना नहीं चाहिए।
अफसरों के साथ बैठक में उप मुख्यमंत्री ने गरीब कल्याण कार्ड विशेष ध्यान देने की बात कही। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्ति का ही कार्ड बने। किसी नेता या अधिकारी के दबाव में कार्ड नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि चार अधिकारियों की जवाबदेही कमेटी की स्वीकृति के बाद ही बनाया जाए।