होली पर नमकीन पापड़ की बिक्री हुई तेज।
- फोटो : अमर उजाला।
होली पर नमकीन पापड़ का कारोबार होगा 55 करोड़ तक
इसी तरह पुराने शहर के तमाम मोहल्लों में महिलाएं आलू पापड़, चिप्स, साबूदाना पापड़ा आदि बनाने में जुट गई हैं। गृहिणी संध्या श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल पापड़, चिप्स और नमकीन तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद गुझिया, शकरपारे और मठरी का नंबर आएगा। वर्षा उपाध्याय ने बताया कि वह मोहल्ले की कुछ औरतों के साथ मिलकर आलू का पापड़ पिछले एक सप्ताह से बना रही हैं। स्थानीय दुकानदार भी उन्हें लगातार पापड़ का आर्डर दे रहे हैं। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल बताते हैं कि होली पर सिर्फ नमकीन, पापड़ का ही 55 करोड़ रुपये तक का कारोबार हो सकता है।
एक दुकान पर रखे रेडीमेड चिप्स और पापड़
- फोटो : अमर उजाला।
बाजार में इस रेट पर मिल रहा सामान
डिजाइनर कचरी : 200-400 रुपये किलो
आलू पापड़ : 150-250 रुपये किलो
आलू चिप्स : 250-400 रुपये किलो
मठरी : 250-500 रुपये किलो
दालमोठ: 100 से 1200 रुपये किलो
चावल पापड़ : 180-350 रुपये किलो
साबूदाना पापड़ : 250-400 रुपये किलो
होली तक इतने का हो सकता है कारोबार
नमकीन पैक्ड - 6-8 करोड़
नमकीन लूज - 8-10 करोड़
पापड़ - 8-10 करोड़
चिप्स - 5-7 करोड़
फ्राई यम (चुर्री) - 8-10 करोड़
अन्य नमकीन उत्पाद - 7-10 करोड़
प्रतापगढ़ में गुड़ की गुझिया व पंजाबी मट्ठी रंगोत्सव में घोलेगी रिश्तों में मिठास
होली के त्योहार के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। घरों से लेकर दुकानों तक गुझिया, मिठाई व नमकीन बनने लगी है। शहर की दुकानों पर गुझिया व नमकीन की कई वैराइटी मौजूद है। इस बार होली में गुड़ की गुझिया संग पंजाबी (सोहला) मट्ठी त्योहार पर रिश्तों में मिठास घोलेगी। शहर की दुकानों पर गुड की गुझिया के साथ ही खोया गुझिया, चाशनी मेवा गुझिया, ड्राईफ्रूट वाली गुझिया समेत मिठाई व नमकीन दुकानों पर तैयार की गई हैं।
शहर के अंबेडकर चौराहा, स्टेशन रोड, बाबागंज, बलीपुर, चौक व सदर बाजार में होली के त्योहार पर मिठास घोलने के लिए गुझिया, नमकीन व मिठाई तैयार की जा रही है। होली को देखते हुए शुद्ध खोया दुकानदार खुद तैयार करा रहे हैं। गुड़ की गुझिया 440 रुपये प्रति किग्रा बिक रही है।
शहर में 250 कुंतल से अधिक गुझिया बनाने का अनुमान
जबकि मेवा गुझिया 400 रुपये प्रति किग्रा है। इसके साथ ही चाशनी वाली गुझिया भी 400 रुपये प्रति किग्रा बिक रही है। शहर की 100 से अधिक मिठाई दुकानों पर 250 कुंतल गुझिया तैयार करने का अनुमान दुकानदारों ने जताया है। वहीं जनपद भर में 25 सौ टन गुझिया की बिक्री इस त्योहार पर होने का अनुमान है। इसके साथ ही नमकीन में पंजाबी मट्ठी, काजू मसाला नमकीन, मिनी समोसा की भी बिक्री होगी। इनकी कीमत 200 से 250 रुपये के बीच है।
अंबेडकर चौराहे के दुकानदार हरि प्रसाद मौर्य ने बताया कि होली के लिए गुझिया व नमकीन हर दिन बनाए जा रहे हैं। रविवार तक गुझिया की सभी वैराइटी तैयार कर ली जाएगी। साथ ही मिठाई व नमकीन भी तैयार किया जा रहा है। मिठाई विक्रेता अनिल मोदनवाल ने बताया कि कई प्रकार की मिठाइयां तैयार की गई है। अभी बिक्री कम हो रही है। एक दो दिन में त्योहार के लिए गुझिया और अन्य खाद्य सामग्री तैयार कर ली जाएगी।
खोया 250 से 300 रुपये किग्रा
होली को देखते हुए खोया का दाम 30 से 40 रुपये बढ़ गया है। शहर के चौक में 250 से 300 रुपये प्रति किग्रा खोया बिक रहा है। गाय व भैंस के दूध के अलग-अलग खोया दुकानदार व लोग खरीद रहे हैं। शादी सीजन होने से भी खोया की कीमत अधिक है। खोया विक्रेता सतीश ने बताया कि इन दिनों मांग अधिक है। एक से दो घंटे में 30 से 40 किग्रा खोया बिक जाता है। आम दिनों में खोया का दाम 220 से 240 रुपये प्रतिकिग्रा के बीच था।