प्रयागराज से दिल्ली की तीसरी फ्लाइट का संचालन 13 जनवरी से शुरू होगा। हालांकि इसका संचालन सिर्फ कुंभ मेला अवधि में किया जा रहा है। एयर इंडिया की ओर से इसका संचालन सप्ताह में तीन दिन 30 मार्च तक किया जाएगा। उधर, रविवार को नए सिविल टर्मिनल तक पहुंचने में यात्रियों को खासी जद्दोजहद करनी पड़ी। धूमनगंज क्षेत्र में जाम लगने की वजह से तमाम यात्री फ्लाइट रवानगी के कुछ मिनट पूर्व ही एयरपोर्ट पहुंच सके। एयरपोर्ट पहुंचे अधिवक्ता अजय शर्मा ने बताया कि धूमनगंज क्षेत्र में जाम ने काफी परेशान किया। जिला प्रशासन की ओर से अभी यह भी नहीं बताया गया है कि किस रास्ते से एयरपोर्ट पहुंचा जाए।
तमाम यात्री पुराने टर्मिनल का चक्कर लगाते हुए बेगम बाजार के रास्ते सिविल टर्मिनल पहुंचे। इस वजह से काफी समय बर्बाद हुआ। बैरहना के अभिषेक ने बताया एयरपोर्ट भले ही शुरू हो गया है लेकिन इसका मुख्य मार्ग अब भी बदहाल है। चकिया से कालिंदीपुरम तक सड़क कई स्थानों पर खराब है। कुछ जगह सड़क का निर्माण चल रहा है। इससे एक ओर रास्ता बंद कर दिया है। इससे राजरूपपुर क्षेत्र में जाम लग गया। वहीं दूसरी ओर एयरपोर्ट निदेशक सुनील यादव ने बताया कि दिल्ली के लिए अब तीसरी उड़ान 13 जनवरी से शुरू हो रही है। इसका संचालन रविवार, मंगलवार एवं बुधवार को होगा। एयर इंडिया की यह फ्लाइट दिल्ली से सुबह 9.50 बजे चलकर 11.10 बजे प्रयागराज पहुंचेंगी। वापसी में प्रयागराज से शाम 5.10 बजे यह फ्लाइट चलेगी जो शाम 6.30 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी।
स्पाइस जेट की दिल्ली के लिए शुरू हुई फ्लाइट के जिस यात्री को कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बोर्डिंग पास दिया वह अपने पिता की हत्या की जांच के सिलसिले में प्रयागराज आया हुआ था। संतोष कुमार नाम के इस यात्री ने बताया कि वह मूलरूप से प्रयागराज का ही रहने वाला है। लेकिन वर्षों पहले वह इंग्लैंड में शिफ्ट हो गया। कुछ वर्ष पूर्व धूमनगंज थाना क्षेत्र में उसके पिता की हत्या हो गई थी। पुलिस उसकी जांच कर रही है। जांच कार्रवाई से असंतुष्ट संतोष ने डीजीपी से मुलाकात की थी। उनके कहने पर वह एसएसपी प्रयागराज से मिलने आया था। उसने बताया कि वह केन्या की एक पेपर मिल में एमडी के पद पर तैनात है।