चयनित 500 शहरों को स्मार्ट बनाने का मसौदा शिक्षण संस्थानों में बनेगा। इतना ही नहीं शहर हमेशा स्मार्ट बने रहें इस मकसद से प्रशिक्षित युवाओं की फौज तैयार करने की योजना भी बनाई गई है। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालयों और कालेजों में अर्बन प्लानिंग में डिग्री कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यूजीसी ने विश्वविद्यालयों को स्नातक और परास्नातक में कोर्सेज शुरू करने के लिए पत्र लिखा है। पत्र में इन कोर्सेज को शुरू करने के लिए कालेजों में भी आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया है।
भारत सरकार ने 500 शहरों के विकास के लिए स्मार्ट सिटी योजना लांच की है। इसके अंतर्गत शहरों को आर्थिक विकास के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करने के अलावा कई अन्य काम होने हैं। इसके लिए शहरी प्रशासन और विकास का रोडमैप तैयार करने में शिक्षण संस्थानों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इस मकसद से यूजीसी की ओर से इसके लिए नए कोर्स प्रस्तावित किए गए हैं। सचिव जसपाल एस.संधू की ओर से कुलपतियों को इस बाबत पत्र लिखा गया है। उन्होंने स्नातक और परास्नातक स्तर पर नए कोर्स शुरू करने या एक विषय के रूप में पढ़ाए जाने के लिए लिखा है।