प्रयागराज। प्रदेश भर में राजकीय महाविद्यालयों के भवनों के निर्माण एवं विस्तार के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। साथ ही प्रयोगशाला उपकरण, छात्रों के फर्नीचर आदि के लिए भी प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इस बाबत उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी किया गया है।
उप निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जेपी सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राजकीय महाविद्यालयों में संचालित ऐसे संकाय/पाठ्यक्रम जिनके लिए मानक के अनुसार भवन एवं प्रयोगशालाएं उपलब्ध नहीं हैं, उनके निर्माण के लिए अनुमानिम खर्च समेत एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा जाए। पत्र में कहा गया है कि प्रस्ताव कार्यदायी संस्था से तैयार कराया जाए और एक सप्ताह के भीतर उच्च शिक्षा निदेशालय को उपलब्ध करा दिया जाए।
इसके अलावा राजकीय स्नातकोत्तर/स्नातक महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के लिए भी उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। प्राचार्यों को जारी पत्र में कहा गया है कि इस प्रस्ताव के तहत प्रयोगशाला उपकरण, छात्र फर्नीचर, प्रयोगशाला फर्नीचर एवं पुस्तकालय फर्नीचर के लिए आवश्यकतानुसार धनराशि की मांग की जा सकती है। प्रस्ताव तत्काल भेजने के लिए कहा गया है।