dead woman's body thrown at the Sangam
हत्या कर संगम में फेंकी युवती की लाश
0 दारागंज में वीआईपी घाट पर उतराता मिला शव
0 नहीं हो सकी शिनाख्त, पुलिस ने मर्चरी भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। दारागंज स्थित वीआईपी घाट पर शनिवार सुबह 20 वर्षीय युवती का शव पानी में उतराता मिला। गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। काफी कोशिशों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव मर्चरी भेजवा दिया है।
दारागंज पुलिस को सुबह 10.30 बजे के करीब सूचना मिली तो वह किला के पास स्थित वीआईपी घाट पर पहुंची। यहां पानी में 20 वर्षीय युवती की लाश उतराती मिली। शव को बाहर निकलवाया गया तो उसके गले पर काला निशान मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निशान देखकर यही लग रहा है कि रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या की गई और फिर शव नदी में फेंक दिया गया। गले में पहने मंगलसूत्र से माना जा रहा है कि वह विवाहित थी। फिलहाल काफी कोशिशों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मिली थी सिरकटी लाश, नहीं हुई शिनाख्त
वैसे दारागंज में हत्या कर लाश फेंके जाने का यह पहला मामला नहीं है। 27 अक्तूबर को दीपावली के दिन परेड ग्राउंड स्थित सिंचाई विभाग के ट्यूबवेल के पास सिर कटी लाश मिली थी। हत्यारों ने शव को जलाने का भी प्रयास किया था। उस मामले में अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।