झाड़-फूंक के फेर में बहू ने की थी दिव्यांग वृद्ध की हत्या
मंझनपुर/सरायअकिल (कौशाम्बी)। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के अकबराबाद गुहौली गांव में दिव्यांग बुजुर्ग श्रीनाथ की हत्या का खुलासा हो गया है। श्रीनाथ को उसकी बहू ने ही झाड़-फूंक के चक्कर में मौत के घाट उतारा था। बहू ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए कहा कि वह ससुर की सेवा करते थक चुकी थी। शुक्रवार को पुलिस ने हत्यारोपी बहू को जेल भेज दिया।
शुक्रवार को पुलिस ऑफिस में अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर ने बताया कि मंगलवार रात अकबराबाद गुहौली में श्रीनाथ (70) पुत्र नत्थू की घर के बाहर सोते वक्त गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। श्रीनाथ को तीन साल पहले लकवा मार गया था, जिसकी वजह से वह बिस्तर पर ही पड़ा रहता था। श्रीनाथ के शव के पास से फूल-माला आदि मिले थे। इस मामले में पुलिस को शक था कि हत्या झाड़-फूंक को लेकर की गई है। छानबीन के दौरान पता चला कि श्रीनाथ के दो बेटे रेघई व धर्मू हैं। वह बड़े बेटे रेघई के साथ रहता था। इस पर पुलिस ने रेघई के घरवालों से पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हो गया। रेघई की पत्नी सुमित्रा देवी ने बताया कि उसके सिर देवी आती हैं। तीन साल से बिस्तर पर पड़े ससुर की सेवा करते-करते परेशान हो चुकी थी। मंगलवार पड़ोसी छेदीलाल के यहां पूजा का कार्यक्रम था। वहां से आने के बाद परिवार के लोग सो गए। इस दौरान पूजा के बाद ससुर की हत्या कर दी। सुमित्रा को गिरफ्तार पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।