रंजिश के चलते दबंगों ने परिजनों को घर के भीतर बंधक बनाकर निर्माणाधीन दीवार ढहा दी। तांडव के बाद हमलावर कीमती सामान भी उठा ले गए। शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों पर कार्रवाई के बजाए पुलिस मामले की लीपापोती में जुटी है। आरोप है कि आरोपी पीड़ित पक्ष को ही एससीएसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
लालगंज कोतवाली के पूरे दीनानाथ कैथौला निवासी महेंद्र सिंह अपनी पैतृक जमीन पर दीवार का निर्माण करवा रहे थे। आरोप है कि गांव के ही दबंग किस्म के राजेश कुमार कोरी, उमेश कुमार कोरी, सूरज कोरी व राजेश का रिश्तेदार लाठी-डंडा लेकर अचानक हमलावर हो गए। दबंगों ने महेंद्र समेत परिजनों को मार डालने की धमकी देते हुए घर के भीतर बंधक बना दिया।
इसके बाद उनकी निर्माणाधीन दीवार ढहा दी। तोडफ़ोड़ करने के बाद कीमती सामान भी उठा ले गए। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। ग्रामीणों के साथ पीड़ित पक्ष कोतवाली पहुंचा। यहां चारों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया। उधर, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के बजाए मामले की लीपापोती में जुट गई है। जिससे आरोपी बेखौफ होकर पीड़ित पक्ष को धमकी दे रहे हैं।