इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के वीसी ने कहा कि वे इस्तीफा देने को हैं तैयार
हॉस्टलों में वॉश आउट की कार्रवाई के बाद वहां फिर से दबंगों ने कब्जा करना शुरू कर दिया है। हॉस्टलों मे रहने वाले वैध छात्रों को डराया-धमकाया जा रहा है और उन्हें हॉस्टल छोड़कर जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इविवि प्रशासन ने हॉस्टलों में रहने वाले वैध छात्रों की सूची पुलिस और जिला प्रशासन को सौंपने का निर्णय लिया है। छात्रसंघ चुनाव को लेकर हॉस्टलों में अराजक गतिविधियां भी बढ़ी हैं। वही, विश्वविद्यालय परिसर में भी चुनाव आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दो प्रत्याशियों को नोटिस भी जारी किया गया।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे की ओर से डीएसडब्ल्यू को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि छात्रावासों में अनधिकृत एवं दबंगों की घुसपैठ की सूचना मिल रही है। हॉस्टल में रहने वाले वैध छात्रों से मारपीट की जा रही है। छात्रों को हॉस्टल से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। यह आदेश उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है। चीफ प्रॉक्टर ने सभी हॉस्टलों के अधीक्षकों से वैध छात्रों की सूची मांगी है, जिसमें छात्र का नाम, पिता का नाम, कक्षा, छात्रावास शुल्क/विवि शुल्क रसीद संख्या भी अंकित करने को कहा है। यह सूची जिला और पुलिस प्रशासन को दी जाएगी ताकि हॉस्टलों के निरीक्षण के दौरान अवैध लोगों को वहां से बाहर किया जा सके। चीफ प्रॉक्टर ने छात्र नेता अर्पित सिंह और शिव कुमार तिवारी को नोटिस जारी किया है। दोनों छात्र नेता चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इन्होंने बृहस्पतिवार को अपने समर्थकों के साथ विश्वविद्यालय परिसर में जुलूस निकाला और नारेबाजी की। इसकी वजह से शिक्षण कार्य बाधित हुआ। नोटिस में कहा गया है कि इस कृत्य के लिए उनका चुनाव निरस्त किया जा सकता है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग के सामने बृहस्पतिवार को दो छात्रों के बीच मारपीट हो गई है। इनमें से एक छात्र आल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन का सदस्य है और छात्रसंघ का पूर्व पदाधिकारी रहा चुका है। मारपीट के बाद दोनों छात्र चीफ प्रॉक्टर के पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने बताया कि दोनों को नोटिस जारी किया गया है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कर्नलगंज थाने में तहरीर भेज दी गई है।