कर्नलगंज में स्टैनली रोड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सैकड़ों सिलेंडर लादकर शहर की ओर आ रहे एक ट्रक में आग लग गई। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाई और किसी तरह इंजन से जुड़े पाइप को निकाल दिया जिसमें आग लगी थी। हालांकि इस दौरान वह झुलस गया जिससे उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना दोपहर 2.30 बजे के करीब स्टैनली रोड पर एसएसपी आवास के पास हुई। पुलिस ने बताया कि प्रतापगढ़ से 450 सिलेंडर लादकर एक ट्रक शहर की ओर आ रहा था। अभी वह एसएसपी आवास के पास तिराहे पर पहुंचा था कि तभी ट्रक में इंजन से जुड़े पाइप में आग लग गई। ट्रक के नीचे से धुआं उठता देख राहगीरों ने शोर मचाया तो ड्राइवर शकील अहमद ट्रक रोककर नीचे आया।
हिम्मत दिखाते हुए वह ट्रक के नीचे गया और पाइप को निकालकर दूर फेंक दिया। तब जाकर लोगों की जान में जान आई। सूचना पर कर्नलगंज पुलिस पहुंच गई। घटना में शकील झुलस गया जिसके बाद एसआरएन अस्पताल ले जाकर उसका इलाज कराया गया। जानकारी पर यातायात पुलिस भी पहुंच गई और फिर सिलेंडर लदे ट्रक को टीपी लाइन ले जाया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।