चौधरी महादेव प्रसाद (सीएमपी) कॉलेज प्रशासन ने विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों व एलएलबी में प्रवेश का कटऑफ जारी किया है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, निर्धारित कटऑफ के आधार पर अभ्यर्थियों की काउंसलिंग व प्रवेश प्रक्रिया सोमवार को आयोजित होगी।
एलएलबी में अनारक्षित वर्ग के लिए 158.10 अंक व अनुसूचित जाति के लिए 142 अंक तक के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। एमकॉम में अनारक्षित वर्ग के लिए 120 अंक, एलएलएम में अनारक्षित वर्ग के लिए 138 अंक, एमए भूगोल में 152 अंक, समाजशास्त्र में 104 अंक, एमएससी रसायन विज्ञान में 112 अंक, गणित में 100 अंक व भौतिकी में 97 अंक पाने वाले छात्रों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है।
वहीं, बीकॉम में प्रवेश के लिए भी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को मौका दिया है। काउंसलिंग व प्रवेश प्रक्रिया सोमवार को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक मूल प्रमाणपत्र व उनकी प्रतियों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
-
एसएस खन्ना कॉलेज में बीकॉम में सभी वर्गों के लिए प्रवेश शुरू
एसएस खन्ना गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीकॉम में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को काउंसलिंग व प्रवेश के लिए बुलाया गया है। कॉलेज की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बीकॉम में काउंसलिंग व प्रवेश प्रक्रिया सोमवार को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक कॉलेज के कॉमर्स विभाग में होगी। अभ्यर्थी सभी दस्तावेज और उनकी छायाप्रतियों के साथ उपस्थित रहें।
-
एडीसी में एलएलएम में अनारक्षित वर्ग के लिए 146 अंक तय
इलाहाबाद डिग्री कॉलेज (एडीसी) ने एलएलएम में अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 146 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों का प्रवेश सोमवार को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक कॉलेज में होगा।
एमकॉम में अनारक्षित वर्ग के लिए 100 अंक, ईडब्ल्यूएस व ओबीसी वर्ग के लिए 90-90 अंक निर्धारित किए गए हैं जबकि एससी वर्ग के सभी अभ्यर्थी प्रवेश के पात्र होंगे।
एमएससी गणित में अनारक्षित वर्ग के लिए 100 व एससी वर्ग के लिए 40 अंक तय किए गए हैं। एमएससी भौतिक विज्ञान में अनारक्षित वर्ग के लिए 115 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी प्रवेश ले सकेंगे।
एमए प्राचीन इतिहास में अनारक्षित वर्ग के लिए 80 या उससे अधिक अंक, अर्थशास्त्र में 40, अंग्रेजी साहित्य में 60, भूगोल में 120, हिंदी में 80 व राजनीति विज्ञान में 120 अंक पाने वाले छात्र प्रवेश ले सकते हैं। एमए आधुनिक व मध्यकालीन इतिहास में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका दिया गया है।
पीजी के कई पाठ्यक्रमों में अनारक्षित वर्ग के प्रवेश बंद
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पीजी प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम चरणों में है। एमएससी मैटेरियल्स साइंस में अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 146 अंक, एमडीएस डेवलपमेंट स्टडीज में 141 अंक, एमए उर्दू में 100.3 अंक, एमए अंग्रेजी साहित्य में 182.4 अंक, एमए दर्शनशास्त्र में 174 अंक, एमए हिंदी में 156 अंक व एमवोक मीडिया स्टडीज में 96 अंक निर्धारित किया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी नए कटऑफ के अनुसार एमए व एमएससी गणित, एमपीएड, एमए व एमएससी स्टैटिस्टिक्स, एमए मास कम्युनिकेशन, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमएससी फूड टेक्नोलॉजी में अनारक्षित वर्ग के लिए कोई नया कटऑफ जारी नहीं किया गया है। इन पाठ्यक्रमों में केवल ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस समेत आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
-
अब कॉलेजों की सीटों पर सीयूईटी व नॉन-सीयूईटी छात्रों के बीच प्रतिस्पर्धा
इविवि में स्नातक स्तर की करीब 45 प्रतिशत सीटें घटने का सीधा असर संबद्ध महाविद्यालयों की प्रवेश प्रक्रिया पर पड़ने लगा है। इस बार कॉलेजों की सीटों पर सीयूईटी अभ्यर्थियों की भी बड़ी दावेदारी रहेगी। इससे नॉन-सीयूईटी छात्रों के लिए प्रवेश पहले की तुलना में अधिक कठिन होने की संभावना है।
पिछले वर्षों में इविवि में स्नातक की करीब सात हजार सीटों पर सीयूईटी अभ्यर्थियों का प्रवेश होता था। वहीं, पहले बीए में ही चार हजार से अधिक सीटें थीं जो अब घटकर दो हजार से भी कम रह गई हैं।