गंगापार के थरवई में प्रजापति धर्मशाला के पास गुरुवार की शाम ट्रैक्टर से कुचलकर एक पुजारी की मौत हो गई। परिजनों को पता चला तो उन लोगों ट्रैक्टर में आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने किसी तरह समझाकर शांत किया तो चक्का जाम कर दिया गया। उनका आरोप था कि पुजारी की जमीन के विवाद में हत्या की गई है। पुलिस ने जांच का आश्वासन चक्का जाम खत्म कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थरवई क्षेत्र के डीघी गांव के इन्द्र देव शर्मा पाण्डेश्वर नाथ धाम में सह पुजारी थे। वह गुरूवार की शाम सात बजे मंदिर से पैदल घर की ओर जा रहे थे। प्रजापति धर्मशाला के पास सामने से मिट्टी लादकर आ रहे ट्रैक्टर ने पुजारी को रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने पुजारी के घर पर सूचना दी। परिजन रोते विलखते मौके पर पहुंचे। भीड़ इकट्ठी हुई तो लोग आक्रोशित हो उठे। उन लोगों ने ट्रैक्टर में आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाया तो उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए चक्का कर दिया। उनका कहना था कि इंद्र देव का जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन लोगों ने ही हत्या कर एक्सीडेंट का रूप दिया है। मौके पर पहुंचे सीओ ने जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।