मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा मामला
यह मामला सांसद प्रवीण पटेल ने मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा दिया है। हाईकोर्ट के अधिवक्ता प्रियांशु सिंह ने अधिकारियों को पत्र लिखकर कलीम खां की विजिलेंस जांच की मांग की है। उप शिक्षा निदेशक डॉ. ब्रजेश मिश्र ने अपने आदेश में लिखा है कि कलीम खां द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनके खिलाफ कई मकान, प्लॉट और गाड़ियों की खरीद के भी आरोप पुष्टि के साथ सामने आए हैं। इसके आधार पर उन्हें अनुभाग-3 से हटाया गया है।
कलीम खां... एक पटल और करोड़ों की संपत्तियां
मोहम्मद कलीम खां शिक्षा निदेशालय में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में जब उप शिक्षा निदेशक डॉ. ब्रजेश मिश्र ने उन्हें अनुभाग-3 से कार्यमुक्त किया तो कलीम खां भड़क गए और अफसर पर ही आरोप लगा दिए। सांसद प्रवीण पटेल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कलीम खां पर बेनामी संपत्ति, लाखों की वसूली और निदेशक का संरक्षण मिलने के आरोप लगाए हैं। पत्र के अनुसार कलीम खां ने जौनपुर के एक स्कूल के मामले में लाखों की वसूली की। शिकायत को गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रकरण प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा को भेजा गया है।
बाबू का पलटवार, मुझे हटाने की साजिश
कलीम खां ने भी अफसर पर हमला बोला और लिखा कि उप निदेशक ने मेरे खिलाफ खुद ही शिकायत बनवाई और मुझे हटाने की साजिश रची। मैंने अपर शिक्षा निदेशक को इस बारे में लिखित जानकारी दी है।
कलीम खां पर जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच में कई गंभीर बातें सामने आई हैं। लाखों की वसूली और विभागीय कार्यों में लापरवाही के कारण उन्हें अनुभाग से हटाया गया है। उनके द्वारा मेरे ऊपर लगाए गए आरोप आधारहीन हैं। - डॉ. ब्रजेश मिश्र, उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक (3)