महाकुंभ के दौरान दुनिया के किसी भी कोने से वाहन में सवार होकर अपराधी तंबुओं की नगरी में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। उन्हें वाहनों के भीतर से ही पहचान कर पकड़ लिया जाएगा। ऐसा संभव होगा एआई तकनीक पर आधारित आधुनिक कैमरों की मदद से। जी हां, पहली बार पुलिस महाकुंभ में एआई और एएनपीआर कैमरों की मदद से भीड़ और अपराध दोनों पर नियंत्रण करेगी।
जिले में आने वाले वाहनों और उस पर सवार लोगों पर निगरानी के लिए पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आटो मैटिक नंबर प्लेट रीकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए कमिश्नरेट की तीन जोन के 14 थाना क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है। इन कैमरों के जरिए जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों और उसमें बैठे लोगों पर नजर रखी जाएगी।
इन कैमरों को महाकुंभ से पहले लगाया जाना है। आगामी महाकुंभ में देश-विदेश से इस बार 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। ऐसे में पुलिस महाकुंभ में आने वाली भीड़ की चुनौतियों से निपटने के लिए एआई व एएनपीआर कैमरों की मदद से वाहनों व लोगों की गतिविधियाें पर नजर रखने की तैयारी कर रही है। यह कैमरे जोन वाइज लगाए जाएंगे।