कीडगंज इलाके में बाई का बाग इलाके से एक युवक का अपहरण हो गया। उसकी पत्नी को मैसेज भेजकर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। कीडगंज थाने की पुलिस ने मुकदमा लिखकर छानबीन शुरू की लेकिन फिलहाल युवक का पता नहीं चल सका है।
बाई का बाग निवासी विनीत श्रीवास्तव परिवार से अलग पत्नी विप्रा के साथ रहता है। वह 24 जुलाई से लापता है। उसके फोन भी बंद हैं। 24 को ही उसकी पत्नी विप्रा के मोबाइल पर पति के ही नंबर से एसएमएस आया जिसमें विनीत के अपहरण के बारे में बताते हुए पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। मैसेज में लिखा था-तुम्हारे हसबैंड को उठा लिया है, पांच लाख का इंतजाम करो और मेरे कॉल का इंतजार करो। कोई चालाकी नहीं, पुलिस के पास गए तो बाडी भी नहीं मिलेगी। बहुत पैसा रखा है दबाकर। जोक मत समझना। तुम्हारे आदमी की जिंदगी खतरे में है।
डोंट शो द स्मार्टनेस वरना खद सोच लो, पुलिस का ख्याल दिल से निकाल दो। पहले तो विप्रा ने सोचा कि किसी ने शरारत की है लेकिन दो दिन तक पति का पता नहीं चला और फोन स्विच ऑफ रहा तो उसने रिश्तेदारों को बताया। फिर कीडगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ फिरौती के लिए अपहरण का मुकदमा लिखा है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच हो रही है। उसने घटना वाले दिन पत्नी को सिविल लाइंस इलाके से पत्नी को फोन किया था कि किसी के साथ घूमने जा रहा है, शाम तक लौटकर आएगा। पहले मैसेज के बाद कोई भी मैसेज नहीं आया है। उधर, परिवार के लोग घबराए हुए हैं।