शहर के शाहगंज इलाके की पत्थर गली में बृहस्पतिवार रात अपनी दुकान में बैठे गुफरान उर्फ गप्पू (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक बाइक पर दो युवक आए और करीब से उसकी कनपटी पर गोली मारकर भाग गए। हड़बड़ी में कातिलों का तमंचा वहीं छूट गया। निजी अस्पताल में मृत बताए जाने पर उसका शव वापस लाया गया, जहां भारी भीड़ जमा हो गई थी। देर रात तक कातिलों का सुराग नहीं लग सका था।
शुजात खां की सराय पत्थर गली निवासी रियाज अहमद का इंतकाल हो चुका है। उनके तीन पुत्रों में गुफरान उर्फ गप्पू छोटा था। उससे बड़े इमरान और दिलशाद हैं। दो बेटियों का ब्याह हो चुका है। गुफरान ने दो साल पहले घर से निकट ही एक मकान में किराए पर दुकान खोली थी। उसने पहले फुटवियर शॉप खोली, बाद में उसे जनरल स्टोर में तब्दील कर दिया। बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे का वाकया है। गुफरान दुकान में था। तभी एक बाइक पास आकर रुकी। उससे दो युवक उतरे और दुकान पर पहुंचे।
उनमें से एक ने तमंचा निकाला और गुफरान की कनपटी पर करीब से फायर कर दिया। कनपटी पर गोली धंसते ही गुफरान खून से लथपथ होकर गिर गया। दोनों युवक बाइक पर भाग गए। हल्ला मचा तो वहां भीड़ जुटी। परिजन भी आ गए। गुफरान को उठाकर बाई का बाग स्थित निजी चिकित्सालय ले जाया गया। वहां मृत बताए जाने पर शव वापस दुकान पर लाया गया। तब तक शाहगंज समेत कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ सीओ और एसपी सिटी पहुंच गए थे। तमाम लोगों से बात की गई लेकिन कोई कातिलों के बारे में नहीं बता सका। देर रात एसएसपी शलभ माथुर भी मौके पर आए और परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस कातिलों को जल्द पकड़ लेगी।