अशोक नगर इलाके में चार रोज पहले ज्वेलरी शॉप से गहने चुराकर भागने वाली गिरोह की एक औरत को कैंट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरोह ने भागते समय कार से कई लोगों को टक्कर मारी, फिर कार छोड़कर सभी पैदल ही फरार हो गए थे।
अशोक नगर में चौराहे के पास गली में पंकज सोनी की दुकान में शनिवार दोपहर करीब एक बजे पांच महिलाओं ने आकर गहने दिखाने को कहा। कुछ देर बाद वे बिना जेवर लिए जाने लगीं। पंकज को शक हुआ कि औरतों ने कपड़ों में गहने चुराकर छिपाए हैं। उसने पीछाकर शोर मचाया तो महिलाएं इंडिका कार में बैठकर भागीं। कार में ड्राइवर समेत दो पुरुष भी थे। भागते वक्त कार ने कई लोगों को टक्कर मारी। तीन युवक गंभीर जख्मी हो गए। लोगों ने पीछा किया तो पांच औरतों समेत सातों लोग काली पलटन के पास कार से उतरकर फरार हो गए। पुलिस ने कार कब्जे में ली थी।
उसमें मिले कागजात से पता चला कि कार सलोरी के मनोज कुमार के नाम है। मनोज ने पुलिस को बताया कि हरवारा धूमनगंज के सोेनू पासी ने उससे कार खरीद ली थी। जांच में सोनू तथा भोला का पूरा की औरतों का नाम आया। मंगलवार को थानाध्यक्ष कैंट ब्रजेश द्विवेदी ने बताया कि चोरी की इस घटना में भोला का पूरा मुहल्ले की अमरामवती उर्फ रेखा को गिरफ्तार कर उसके पास से चांदी के कुछ आभूषण मिले हैं।