एलएलबी छात्र दिलीप कुमार सरोज की हत्या पर पूरा शहर ही नहीं सोशल मीडिया जगत भी स्तब्ध है। एक छात्र की बेरहमी से हत्या पर आक्रोश की आग यहां भी भड़क उठी है। यही वजह है कि घटना केसंबंध में हजारों यूजरों ने प्रतिक्रिया दी है। घटना से संबंधित सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को करीब 18 हजार लोगोें ने फेसबुक पर शेयर किया है। दो हजार से ज्यादा लोगों ने कमेंट कर आक्रोश जताया है। इनमें से कुछ ने तो दिलीप केहत्यारों को फांसी देने तक की मांग उठाई है।
छात्र दिलीप की हत्या केबाद से ही शहर में उबाल है। छात्रों केसाथ ही राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन और अधिवक्ताओं ने भी इस घटना पर आक्रोश जताया है। सोशल मीडिया जगत भी इससे अछूता नहीं रहा। फेसबुक पर हजारों युवाओं ने इस प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया जताई है। इस डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक यूजर ने ‘इलाहाबाद डिस्ट्रिक्ट’ नाम से फेसबुक एकाउंट बनाया है। सोमवार रात तक यह अकाउंट कुल 9,863 लोगों द्वारा फॉलो किया जा रहा था। दिलीप की मौत केबाद 11 फरवरी को दोपहर 3.21 मिनट पर घटना से संबंधित वीडियो फुटेज इस एकाउंट पर अपलोड किया गया। इस वीडियो को देखने केबाद आक्रोशित यूजरों ने धड़ाधड़ प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। सोमवार रात तक करीब 18 हजार लोगों ने इस फुटेज को शेयर किया था। 2900 लोगों ने दुख, गुस्सा जताते हुए प्रतिक्रियाएं दीं।
दो हजार से ज्यादा यूजरों ने कमेंट किया। कमेंट्स देखकर साफ है कि घटना को लेकर युवाओं में जबरदस्त आक्रोश है। कई यूजरों ने छात्र केहत्यारों को फांसी की सजा देने तक की मांग उठा दी है। सैकड़ों यूजरों ने घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर ही सवाल उठा दिए हैं। कुछ लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई की मांग की तो कई ने घटना को लेकर स्थानीय लोगों की संवेदनहीनता पर दुख जताया। कानपुर केरहने वाले और पुलिस विभाग में बतौर सब इंस्पेक्टर कार्यरत प्रदीप कुमार ने कमेंट किया है कि ऐसे लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर जल्द से जल्द दोषियों को सजा दिलवाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी लिखा है कि इस तरह की घटना इलाहाबाद केलिए कलंक की तरह हैं। इसी तरह इलाहाबाद की रहने वाली रुपाली केसर एमकेनाम की यूजर ने तो दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई है। नोएडा में रहने वाले अजय पाठक ने लोगों की संवेदनहीनता पर गहरी नाराजगी जताई है। कहा है कि शर्मनाक है कि एक छात्र को बेरहमी से पीटा जाता रहा और कोई उसे बचाने केलिए आगे नहीं बढ़ा। इसी तरह अन्य यूजरों ने भी कमेंट किए हैं।
- प्रदेश में कानून-व्यवस्था कुछ नहीं, सिर्फहवाबाजी है। बिपिन भूपेंद्र सिंह
- हमला करने वाले तो गुनहगार हैं ही, वह भी इंसान कहलाने लायक नहीं जो चुपचाप छात्र को पिटते देखते रहे- अली जावेद
- शर्म आनी चाहिए उन लोगों को जिनकेसामने छात्र को मारा गया- बाहुबली अंकित मिश्रा
- आज छात्र केसाथ हुआ, कल आपकेसाथ ये हो सकता है, इंसान बनो, इंसानियत सीखो- नेहा लोकेश देओरा, इंदौर
- वीडियो देखकर कलेजा कांप उठता है, उस छात्र पर क्या बीती होगी। शर्म आती है ऐसे लोगों पर- सुधीर कुमार , नई दिल्ली
- अपने देश में किसी का कत्ल करना आम हो गया है, कुछ लोग जानवर बनते जा रहे हैं। रईस अहमद शेख, मुंबई