छेड़खानी और अपहरण की घटनाओं में पुलिस की उदासीनता की वजह से एक और लड़की को जान गंवानी पड़ी है। सरायममरेज इलाके में अपहरण कर दो दिन तक बंधक बनाए रखने से दुखी किशोरी ने आत्मदाह कर लिया। आरोप है कि पुलिस ने अपहरण के बाद लिखित शिकायत पर केस लिखकर कार्रवाई नहीं की थी। लड़की की आत्महत्या के बाद पुलिस ने फरार आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की एफआईआर लिखी है।
सरायममरेज इलाके में जंघई चौकी के पास पतैया गांव में रहने वाले प्रेमचन्द्र मौर्य की बेटी पूनम (16) का 13 मई की शाम अपहरण हो गया था। गांव का ही मुकेश उसे अगवा कर ले गया था। आरोप है कि पिता ने सरायममरेज थाने में लिखित शिकायत की लेकिन पुलिस ने केस नहीं लिखा। ऐसे में खुद घरवालों ने आरोपी के परिजनों पर दबाव बनाया। दो रोज बाद 15 मई की सुबह पूनम को घर के पास छोड़कर मुकेश फरार हो गया। बेटी ने माता-पिता को आपबीती सुनाई तो वे सन्न रह गए। पूनम इस घटना से इस कदर व्यथित हो गई कि मंगलवार सुबह उसने शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।
किसी तरह आग बुझाकर परिवार के लोग पूनम को एसआरएन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन बेटी के शव की अंत्येष्टि के बाद तहरीर लेकर थाने गए तो पुलिस ने मुकेश के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगाने तथा आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस लिखा। पूनम के आत्मदाह के दूसरे दिन भी आरोपी मुकेश की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। परिजनों में नाराजगी है कि पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट लिखकर गिरफ्तारी कर ली होती तो शायद पूनम को यूं जान नहीं देनी पड़ती।
-पिछले महीने कौशाम्बी में पिपरी इलाके में कॉलेज के पास छेड़खानी का विरोध करने पर उल्टा परिजनों पर फर्जी केस दर्ज करने से दुखी बीए की छात्रा रचना सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। एसपी कौशाम्बी ने पिपरी के थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया था।
-कौशाम्बी के ही सैनी इलाके में रात में घर से निकली संजू देवी के साथ तीन युवकों ने की छेड़खानी और खींचतान। परेशान होकर बीए की छात्रा संजू ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा लिखकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
-तीन रोज पहले थरवई के सराय चंडी गांव में घर में घुसकर पड़ोसी धीरेंद्र ने 17 साल की लड़की से छेड़खानी की और विरोध पर चाकू से घातक वार कर दिए। लड़की के घरवालों से झगड़ा भी किया। पुलिस ने चार लोगों पर लिखा मुकदमा लेकिन गिरफ्तारी नहीं।
-शहर के खुल्दाबाद इलाके में हॉकी खिलाड़ी से सरेआम खींचतान की गई जबकि सिविल लाइंस में शोहदे ने छात्रा को तेजाब फेंकने की धमकी दे डाली। पिछले एक महीने के दौरान लड़कियों का पीछा कर हाथ पकड़ने, छेड़खानी तथा बदसलूकी के ग्यारह केस दर्ज हो चुके हैं थानों में।
‘मुझे इस घटना की जानकारी नहीं है। अगर पुलिस ने इतने गंभीर मामले में फौरन कार्रवाई की बजाय तहरीर लेकर रख ली और आत्महत्या के बाद एफआईआर लिखी है तो तफ्तीश कराकर कार्रवाई की जाएगी। सीओ को इस मसले की जांच सौंपी जाएगी।’
मुन्नालाल, एसपी गंगापार