यमुनापार के खीरी इलाके में शनिवार को ट्रक की चपेट में आने से मृत महिला का शव लेने के लिए रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर उसके दो पति आ गए। दुर्घटना के वक्त महिला के साथ दूसरा पति था लेकिन खबर पाकर उसका पहला पति भी आ गया। काफी देर तक कहासुनी और झड़प के बाद पुलिस के हस्तक्षेप पर दूसरे पति को ही शव ले जाने की अनुमति मिल गई लेकिन इस बीच वहां काफी तमाशबीन जुट गए थे।
कोरांव इलाके के छोटकऊ ने 12 साल पहले सोनपति (35) से शादी की थी। सोनपति का यह दूसरा ब्याह था। उसकी पहली शादी रामप्रकाश से हुई थी लेकिन दोनों के बीच पटरी नहीं बैठी तो अलगाव हो गया था। शनिवार को छोटकऊ सोनपति को लेकर गंगा स्नान के लिए गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में कोरांव-कोहराड़ मार्ग पर खीरी इलाके में ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरे तो ट्रक ने सोनपति को रौंद दिया। उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को चीरघर भेज दिया। यहां रविवार दोपहर पोस्टमार्टम की तैयारी थी तभी सोनपति का पहला पति रामप्रकाश कुछ लोगों के साथ आया और बोला कि वह उसकी पत्नी थी इसलिए पंचनामा उसकी ओर से भरकर शव भी उसे ही सौंपा जाए। इस पर वहां दोनों पतियों के बीच कहासुनी होेन लगी।
मामला जानकर लोग हैरान रह गए। पोस्टमार्टम भी टल गया। डॉक्टरों की सलाह पर रामप्रकाश ने पुलिस चौकी में अपनी बात रखी मगर पुलिस ने उसे यह कहकर लौटा दिया कि सोनपति का मौजूदा पति छोटकऊ था इसलिए उसे ही अब शव दिया जा सकता है। तब जाकर मामला निपटा। रामप्रकाश वहां से लौट गया। पोस्टमार्टम के बाद छोटकऊ को ही सोनपति का शव अंत्येष्टि के लिए सौंपा गया।