थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर अनवर मार्केट के सामने बुधवार की शाम रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो किशोरों की मौत हो गई। हादसे में एक किशोर जख्मी हुआ था। आनन-फानन में लोगों की मदद से एक किशोर को शहर के अस्पताल ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे किशोर के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेजा था। देर शाम को दूसरे किशोर के शव की शिनाख्त हो सकी। हादसे में जख्मी तीसरे किशोर का नाम पता नहीं चल सका था। हादसे के कारण जीटी रोड पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुटी रही।
थाना क्षेत्र के हवेलिया गांव निवासी लालचंद्र ने जीटी रोड झूंसी पुलिया के पास साइकिल पंक्चर की दुकान खोल रखी है। वहीं पर वह मड़हा डालकर परिवार समेत रहता भी है। उसके तीन बेटों में दूसरे नंबर का सूर्यकांत उर्फ ननका (17) दो पहिया वाहनों का मिस्त्री था। बुधवार की शाम को सूर्यकांत अपने दोस्त अरूण श्रीवास्तव (16) पुत्र सनी श्रीवास्तव निवासी पुरानी झूंसी के साथ बाइक से निकला था। बाइक पर एक और किशोर भी सवार था। शाम तकरीबन चार बजे तीनों किशोर बाइक से अनवर मार्केट के पास पहुंचे। जीटी रोड क्रास करते वक्त सामने से आ रही रोडवेज की मालवाहक बस ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों किशोर छिंटककर सड़क पर जा गिरे। इनमें से सूर्यकांत और अरूण को कुचलते हुए बस चालक मौके से फरार हो गया। अरूण की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से जख्मी सूर्यकांत को एसआरएन ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। अरूण की शिनाख्त हादसे के तकरीबन तीन घंटे बाद हो सकी। सूचना पर तकरीबन पौन घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेजा। सूर्यकांत के मौत की खबर उसके परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। पिता लालचंद्र, मां चमेला देवी बेसुध पड़ गए। भाई श्रीकांत, शेखर व बहन साधना, आराधना, पूजा और मधु का रो-रो कर बुरा हाल था। शाम सात बजे अरूण के परिजनों को उसके मौत की जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। मूलत: गोरखपुर का रहने वाला सनी विक्रम चालक है। अरूण तीन भाइयों शिवम और सत्यम के बाद तीसरे नंबर पर था। उसे एक बहन भी है। किशोर की मौत से परिजन गमजदा थे।
स्थानीय थाने से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर अनवर मार्केट के सामने जीटी रोड पर बाइक और रोडवेज की माल वाहक बस में हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखचे उड़ गए। 220 सीसी पल्सर बाइक झूंसी कोहना के किशोर की बताई गई है। हाल ही में किशोर की मां ने उसे खरीदकर दी थी। बाइक पर तीनों किशोर सवार होकर जीटी रोड क्रास कर रहे थे। तभी सामने से आ रही बस ने जोरदार टक्कर मारी। टक्कर में बाइक के अगले पहिए की रिम निकलकर फेंका गई थी। टयूबलेस टॉयर भी टेढ़ा हो गया था। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। उधर, हादसे के आरोपी बस और उसके चालक की जानकारी देर शाम तक पुलिस को नहीं हो पाई थी।