खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के लूकरगंज में सिर में गोली लगने से जख्मी हिस्ट्रीशीटर दूल्हे की हालत चिंताजनक है। शुक्रवार रात तिलकोत्सव समारोह में नाच-गाने के दौरान हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर उसे गोली मार दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को दो नामजद हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक तमंचा भी बरामद किया है। राहुल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
लूकरगंज में शुक्रवार रात 12 बजे के बाद तिलकोत्सव समारोह में हर्ष फायरिंग को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। पता चला कि तिलकोत्सव समारोह के दौरान नाच-गाना चल रहा था। उसी दौरान समारोह में आमंत्रित कुछ लोग हर्ष फायरिंग करने लगे। राहुल ने जब इसका विरोध किया तब विक्रम सोनकर और उनके साथ के कुछ लोग नाराज हो गए और विवाद होने लगा। इस दौरान मारपीट भी हुई। कुछ देर बाद विक्रम का पुत्र कालू सोनकर अपने भाई बाबा सोनकर और अन्य लोगों के साथ असलहे से लैस होकर आया और राहुल पर हमला बोल दिया। राहुल को लक्ष्य कर चलाई गई गोली उसकी कनपटी के ऊपर सिर में जा लगी। राहुल भागकर अपने कमरे में गया और बेड पर गिर गया। इसके बाद उसे मरा हुआ समझकर हमलावर भाग गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी आकाश कुलहरि ने मौका मुआयना किया। इस मामले में खुल्दाबाद पुलिस ने दबिश डालकर कालू और बाबा निवासी हिम्मतगंज को गिरफ्तार कर लिया है।
तिलकोत्सव समारोह में हुए विवाद में गोली का निशाना बनाया गया राहुल भारती हिस्ट्रीशीटर है। इलाके में उसकी हेकड़ी चलती रही है। उसके विरुद्ध खुल्दाबाद थाने में जानलेवा हमला, लूटपाट, मारपीट, जान से मारने की धमकी के कुल 17 मामले दर्ज हैं। कालू, बाबा सोनकर से उसका पुराना विवाद भी रहा है। पुलिस ने बताया कि राहुल इलाके का हिस्ट्रीशीटर रहा है। उसके अन्य विवादों, पुरानी रंजिशों का भी पता किया जा रहा है।