फाफामऊ। शहर से सटे फाफामऊ के चंदापुर गांव में बुधवार दोपहर फुटबाल खेलने के दौरान एक लड़के को पीटा गया तो उसके पिता ने सड़क पर राइफल से फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से दो बेकसूर लड़के घायल हो गए जिन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। संवेदनशील क्षेत्र होने की वजह से घटना की जानकारी मिलते ही शहर से एसपी क्राइम, सीओ कर्नलगंज, सीओ फूलपुर, सीओ सोरांव भी पीएसी और पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस को वहा बवाल की आशंका थी। इस मामले में दो लोगों को नामजद करते हुए छह लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस लिखा गया।
चंदापुर गांव निवासी अशफाक का पुत्र हमजा (19) दोपहर में नवाबगंज इलाके में पुलिस विभाग में तैनात अपने बड़े पिता जी को कुछ सामान पहुंचाने गया था। तभी रास्ते में उसे चंदापुर के ही कई लड़कों ने रोका और मारपीट करने लगे। उनमें अनीस के भांजे समेत छह लड़के शामिल थे। मारपीट में हमजा के सिर पर चोट पहुंची। वह चंदापुर आकर सेंट्रल हॉस्पिटल में इलाज कराने गया। खबर पाकर उसके पिता अशफाक समेत कई लोग आ गए। तभी अशफाक ने विरोध गुट के लड़कों को देखा तो अपनी राइफल से उनकी तरफ कई फायर कर दिए। गोलियां जा धंसी वहां खड़े मोहनीस (17) पुत्र मुन्ने और जीशान (18) पुत्र नईम के शरीर में।
दो लड़कों को गोली लगने से वहां खलबली और भगदड़ मच गई। मोहनीश और जीशान को फाफामऊ स्थित निजी चिकित्सालय ले जाया गया। ये दो लड़के नमाज पढकर घर की तरफ लौट रहे थे तभी भीड़ देख रुकने पर गोलियों की चपेट ेमें आ गए। पुलिस को खबर मिली कि दो गुटों के बीच बवाल हो गया है। संवेदनशील इलाका होने की वजह से सूचना मिलते ही एसपी क्राइम रमाकांत प्रसाद भी सीओ कर्नलगंज, सीओ फूलपुर. सीओ सोरांव समेत छह थानों की पुलिस और पीएसी के साथ पहुंच गए। एसपी क्राइम के मुताबिक, असल में झगड़ा फुटबाल खेल के दौरान हुआ था। इन लड़कों के बीच पिछले महीने भर में दो बार मारपीट हो चुकी थी। आज की घटना में जख्मी जीशान के चाचा फरमूद अहमद की तहरीर पर सोरांव थाने में दो नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की है।