इधर-उधर की खाक छानने के बाद एक अदद सुराग की तलाश में एक बार फिर जांच में लगी टीमें घटनास्थल पहुंचीं। पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम भी बक्शी बांध रोड पर पहुंची। दोनों टीमों ने गहनता से मौका मुआयना किया। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों को भी खंगाला गया। हालांकि इसके बावजूद पुलिस को कोई खास सुराग नहीं मिल सका। फिलहाल पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
बक्शी बांध रोड पर दो युवकों की हत्या के बाद शव जलाए जाने की घटना के बाद से ही पुलिस टीमें खोजबीन में लगी हुई हैं। मौके पर पहुंचकर क्राइम ब्रांच भी ने भी जांच पड़ताल की थी। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने आसपास के इलाकों पर नजर गड़ा दी थी। वहां पहुंचकर पुलिस टीमों ने लोगों से बातचीत की। साथ ही मृतकों की फोटो भी दिखाए, हालांकि कोई मदद नहीं मिली। शनिवार को एक बार फिर पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम बक्शी बांध रोड पर पहुंची। जहां दोनों शव मिले, टीम ने गहनता से उन स्थानों की जांच की। आसपास रहने वाले मजदूरों की झोपड़ियों को भी टटोला। एसटीपी के आसपास काम करने वाले मजदूरों से फिर घंटों पूछताछ की। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि अब तक कि पूछताछ में भी उनसे कुछ हासिल नहीं हो सका है।
सूत्रों की मानें तो क्राइम ब्रांच ने हाशिमपुर रोड पर भी पहुंचकर पड़ताल की। यशलोक अस्पताल के आसपास रहने वालों से भी पूछताछ की। हालांकि घटना के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। खास बात यह कि कहीं कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं मिला। पुलिस का मानना था कि हो सकता है कि बक्शी बांध रोड पर जाते या वहां से लौटते समय हत्यारों की कोई तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हो। हालांकि कहीं कैमरा न लगे होने से उसकी यह उम्मीद भी जाती रही। उधर पुलिस ने दारागंज इलाके में पहुंचकर भी लोगों से पूछताछ की।
सूत्रों की मानें तो जांच पड़ताल में जुटी पुलिस की नजर सलोरी एसटीपी के आसपास काम कराने वाले ठेकेदारों पर भी है। शनिवार को इनमें से कई ठेकेदारों से पुलिस ने पूछताछ की। साथ ही इनसे उन मजदूरों की सूची मांगी गई जो उनके लिए काम कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो पुलिस कई ठेकेदारों को भी संदिग्धों की सूची में रखकर जांच में जुटी है। जरूरत पड़ी तो उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। फिलहाल अभी तक की पूछताछ में ठेकेदारों ने अपने किसी मजदूर के गायब होने की बात से इंकार किया है।