कैंट इलाके के राजापुर में ग्यारह दिन पहले दामाद और बेटी के बीच झगड़े में बीचबचाव करने के दौरान धक्का लगने पर गंभीर रूप से घायल लीलावती (50) की सोमवार को सरकारी अस्पताल से निजी हॉस्पिटल ले जाते वक्त सांस थम गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में कोई एफआईआर नहीं दर्ज कराई गई है।
राजापुर में रहने वाले कोटेदार सुरेशचंद्र केसरवानी ने बेटी मौसमी का ब्याह कौशाम्बी में किया है। पिछले दिनों मौसमी मायके आई थी। 23 जून को दामाद ताराचंद्र भी 23 जून को आ गया था। उसी दिन मौसमी और उसके पति ताराचंद्र के बीच झगड़ा होने लगा। लीलावती ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उन्हें धक्का लग गया। गिरने से उन्हें चोट पहुंची। लीलावती को पहले निजी अस्पताल फिर कॉल्विन ले जाया गया। ग्यारह दिन तक इलाज में कोई सुधार नहीं हुआ। सोमवार सुबह लीलावती को कॉल्विन से परिजन निजी हॉस्पिटल ले जा रहे थे लेकिन उनकी सांस रास्ते में ही थम गईं। कैट थाने की पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा।