जीटी रोड पर बालसन चौराहे के पास रविवार रात बेकाबू ट्रक ने महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। कर्नलगंज पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजने लगी तो नाराज लोगों ने शव छीनकर सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अफसर पहुंचे। भीड़ को समझा बुझाकर किसी तरह शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद भी जीटी रोड घंटों जाम लगा रहा।
झूंसी हवेलिया के रहने वाले रामकृष्ण शुक्ल कचहरी में पेशकार हैं। उनकी सास की तबियत खराब और वह शहर के पन्ना लाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। रामकृष्ण शुक्ल बीमार सास को देखने पत्नी संगीता (35) और बेटे के साथ बाइक से गए थे। अस्पताल से वह पत्नी और बच्चे के साथ घर लौट रहे थे। बालसन चौराहे से पहले सेंट ऐंथोनी स्कूल के पास सड़क पर गिट्टी होने से रामकृष्ण की बाइक फिसल गई। संगीता दाहिनी ओर गिरी जबकि रामकृ ष्ण और बेटा दाहिनी ओर गिरे। तभी पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने सड़क पर गिरी संगीता को कुचल दिया। संगीता की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक भी ट्रक की पहिया में फंस गई। यह देखकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जीटी रोड पर महिला की ट्रक से कुचलकर मौत के बाद भीड़ जुट गई। पत्नी की मौत से रामकृष्ण और उनके बेटे रो रहे थे। सूचना पर कर्नलगंज पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को उठाने लगी तो गुस्साई भीड़ ने शव को पुलिस से छीन लिया। शव जीटी रोड पर चक्काजाम कर दिया। जिसके चलते इलाहाबाद-कानपुर रोड पर आवागमन थम गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हंगामा बढ़ता देख कई थानों की फोर्स के साथ सीओ कर्नलगंज डीपी तिवारी मौके पर पहुंचे। किसी तरह लगभग एक घंटे बाद पुलिस ने भीड़ को समझा बुझाकर हटाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।