यमुनापार में लालापुर के एक प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं की छात्रा को मोबाइल पर अश्लील वीडियो क्लिप दिखाई। छात्रा ने घरवालों को इस बारे में बताया तो वे बिफर पड़े। स्कूल खुलने पर परिजन गांववालों के साथ स्कूल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। शिक्षक के करतूत की जानकारी होने पर लालापुर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्राथमिक विद्यालय तरहार में गुरुवार दोपहर शिक्षा मित्र से शिक्षक प्रेम कुमार द्विवेदी ने कक्षा पांच की एक छात्रा को बुलाया। आरोप है कि शिक्षक ने उसे मोबाइल पर अश्लील वीडियो क्लिप दिखाई। छुट्टी के बाद मासूम घर पहुंची तो परिजनों को शिक्षक की करतूत बताई। घरवाले तत्काल स्कूल पहुंचे लेकिन स्कूल बंद हो चुका था। घरवालों ने इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी। शुक्रवार सुबह जैसे ही प्रेम कुमार स्कूल पहुंचे। गांव के लोगों ने घेर लिया और उसकी करतूत के बारे में पूछने लगे तो वह सहम गया। हंगामे की सूचना पर लालापुर पुलिस पहुंची। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी शिक्षक प्रेम कुमार का कहना था कि छात्रा को एक ड्रेस दी जा चुकी है। दूसरी ड्रेस के लिए वह जिद कर रही थी। जिस पर उसे फटकार दिया। ऐसे में परिजन अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
घरवालों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तफ्तीश के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। ---
विजय शंकर तिवारी, सीओ बारा।