सरायअकिल के नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष के घर शुक्रवार रात हुई बमबाजी से समर्थक सहमे हुए हैं। प्रतिद्वंद्वी पर हमला कराए जाने की साजिश का संदेह जताते हुए शनिवार को भुक्तभोगी नवनिर्वाचित अध्यक्ष समर्थकों और चायल विधायक के साथ थाने पहुंचे और घटना की तहरीर पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
निकाय चुनाव में सरायअकिल नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष पूर्व विधायक शिवदानी मतगणना परिणाम के बाद शुक्रवार शाम घर पर समर्थकों के साथ बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश दरवाजे पर बम फेंकते हुए भाग निकले। नगर अध्यक्ष के घर हुई बमबाजी से समर्थक सहम गए। प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार पर हमला कराए जाने का अंदेशा जताते हुए शनिवार को वह चायल विधायक संजय गुप्ता समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। नगर अध्यक्ष ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित नगर अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है। सीओ चायल ने बताया कि घटना के साथ आरोपों की जांच कराई जा रही है। तहकीकात के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।