शराब और जुए की लत का विरोध करने पर एक युवक ने पहले पत्नी को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया फिर खुद के हाथ में गोली मारकर घटना को लूट का रूप देने का प्रयास किया। पूछताछ में हकीकत सामने आने पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। उसका पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। विवाहिता के मौसेरे भाई की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
पिपरी के काठगांव निवासी मोहम्मद गौस की शादी छह साल पहले महाराष्ट्र के नागपुर में रहने वाले सन्नो के साथ हुई थी। शादी के दो साल बाद एक बेटा मोहम्मद दानिश (4) हुआ। गौस ने गांव में ही पोल्ट्री फार्म खोला था। शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे गौस के घर से फायर की आवाज सुन मोहल्ले के लोग चौंक गए। दो फायर किए गए थे, पड़ोसी दौड़े तो देखा कि सन्नो मरी पड़ी थी। गौस के हाथ से भी खून निकल रहा था। गौस ने बताया कि बदमाश आए थे। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सन्नो को गोली मार दी। गोली सन्नो के हाथ की हथेली चीरते हुए गले में धंसी थी। गौस के हाथ में भी गोली लगी थी। घटना की जानकारी पर पिपरी इंस्पेक्टर राम आसरे सरोज भी पहुंचे। गौस को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस को गौस पर ही शक हो रहा था। घटना की जानकारी पर प्रयागराज में रहने वाले सन्नो के मौसेरे भाई जफर हुसैन भी आ गए। उन्होंने गौस के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। बताया कि गौस को शराब की लत थी। वह अक्सर सन्नो को मारता-पीटता था। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।