दारागंज इलाके में परेड मैदान के पास सोमवार सुबह सिंचाई विभाग के ठेकेदार अतहर अली सिद्दिकी को बदमाशों ने गोली मार दी। वह बाइक पर गिरा तो बदमाश भाग गए। घायल ठेकेदार को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल लाया गया जहां से परिजन उसे निजी हॉस्पिटल ले गए। गांव की दुश्मनी में हमले का आरोप है।
सरायइनायत में ककरा दुबावल गांव निवासी असगर अली का पुत्र अतहर उर्फ मोहम्मद आलम सिंचाई विभाग में ठेकेदारी करता है। पिछले हफ्ते गांव में कत्ल की एक घटना के बाद तनाव के चलते वह शहर के कल्याणी देवी मुहल्ले में अपने मित्र के पास ठहरा था। सोमवार दिन में अतहर मित्र के घर से निकलकर बाइक पर जा रहा था तभी दारागंज में परेड मैदान के पास पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने करीब आकर उस पर फायर कर दिया।
उसके सीने और दाहिने कंधे के बीच में गोली धंसी। वह बाइक से गिर गया। बदमाश भाग गए। अतहर का कहना है कि बोलेरो में भी बदमाश पीछे लगे थे। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया। खबर पाकर दारागंज थाने की पुलिस के साथ ही एसपी गंगापार सुनील सिंह भी आ गए। उन्होंने आईसीयू में अतहर से बात की। परिवार के लोग अस्पताल आ गए। परिजनों ने बताया कि बाइक सवार ये अज्ञात लोग कई दिन से गांव में नजर आए थे। उनके मेडिकल स्टोर की तरफ भी यही अपराधी बाइक पर मंडराते दिखे थे। उन्हीं बदमाशों ने शहर में अतहर का पीछा किया और गोली मारी। अतहर के भाई जावेद की तहरीर पर दारागंज थाने में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस लिखा गया। आरोप है कि ये बदमाश पूर्व प्रधान आनंद मिश्र के यहां आते थे। आनंद मिश्र और इस परिवार के बीच रंजिश है।