इलाहाबाद। शहर के बैरहना में बुधवार सुबह वकील के बगीचे में रखा बम फट गया। विस्फोट में बगीचे में बैठकर आराम कर रहा मजदूर जख्मी हो गया। धमाके के बाद आसपास के लोग पहुंचे तो मजदूर खून से लथपथ पड़ा था। मजदूर को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बम विस्फोट की सूचना पर सीओ कीडगंज और बीडीएस की टीम ने मौके पर जाकर जांच की। वकील के बगीचे में बम कहां से आया और किस मकसद से वहां रखा गया था, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। बगीचे में बम के धमाके से वकील के घरवाले भी सकते में हैं।
बैरहना के रहने वाले राजेंद्र नाथ मिश्र वकील हैं। उन्होंने घर के बाहर स्थित बगीचे की सफाई के लिए बुधवार सुबह एक मजदूर को लगाया था। कौशाम्बी के चरवा का मजदूर हुल्लड़ बाबू (32) घास की सफाई करते समय थक गया। वह एक फूल के पेड़ के नीचे बैठकर आराम करने लगा। तभी उसकी नजर एक पैकेट पर पड़ी। पैकेट उठाया तो उसके अंदर गेंद नुमा वस्तु को वह टटोलने लगा। तभी तेज धमाके के साथ बम फट गया। मजदूर का दाहिना हाथ और पैर जख्मी हो गया। धमाके के बाद आसपास के लोग पहुंचे तो मजदूर खून से लथपथ तड़प रहा था।
धमाके के बाद मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर चौकी प्रभारी बैरहना सतीश कुमार राय, एसओ कीडगंज उमेश कुमार और सीओ बैरहना दुर्गा प्रसाद तिवारी मौके पर पहुंचे। बम के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन कोई कुछ बता नहीं पाया। घायल हुल्लड़ बाबू को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। बीडीएस टीम ने जांच के बाद पाया कि देशी बम से धमाका हुआ है। मौके से बम के अवशेष में रिपिट, सुतली और गिट्टी मिली है। घटना की जानकारी होने पर हुल्लड़ बाबू की पत्नी खुश्मिता और बेटी खुर्शीदा एसआरएन अस्पताल पहुंचीं। हुल्लड़ को इस हाल में देखकर उनका रोकर बुरा हाल था। एसओ कीडगंज उमेश कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर पर मुकदमा लिखकर जांच की जाएगी।
हुल्लड़ पेड़ के नीचे आराम करने बैठा तो उसकी नजर एक बैग पर पड़ी। हुल्लड़ ने मिठाई का पैकेट समझकर बैग को उठा लिया। गेंदनुमा वस्तु को देखकर उत्सुकतावश खोलकर देखने लगा। इसी दौरान विस्फोट हो गया और वह जख्मी हो गया।