लाहली के पास मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रैक्टर और ट्रेन की जोरदार भिड़ंत हुई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर चालक के साथ ट्रेन में बैठे यात्रियों को भी चोटें आईं। यात्रियों को जहां पीजीआई दाखिल कराया गया वहीं चालक का कलानौर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक ट्रैक्टर भिवानी से रोहतक आ रही पैसेंजर ट्रेन से जा भिड़ा। इस हादसे में ट्रैक्टर के परखचे उड़ गए, जबकि ट्रेन में सवार दो यात्रियों समेत तीन लोग जख्मी हो गए। हादसे में ट्रेन के पायदान पर बैठे दो यात्री भिवानी निवासी विनोद कुमार और मुनीराम को घायलावस्था में जहां पीजीआई में दाखिल कराया गया, वहीं ट्रैक्टर चालक रविंद्र सिंह को कलानौर अस्पताल भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। राजकीय रेलवे पुलिस के थाना प्रभारी सुखबीर सिंह के मुताबिक इस हादसे में किसी भी रेल यात्री के जख्मी होने की सूचना उनके पास नहीं है।
रेलवे अधिकारियों ने किया घटनास्थल का मुआयना
हादसे के सूचना मिलने पर भिवानी रेलवे जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक आरएस मीणा, रोहतक रेलवे जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक बीएस मीणा और रेल पथ निरीक्षक प्रमोद बतरा सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।
दो दर्जन मानव रहित रेलवे फाटक
बुधवार को हादसे की सबसे बड़ी वजह मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग की है। हालांकि रेलवे इस हादसे में ट्रैक्टर चालक को आरोपी मान कर मामला दर्ज करा चुका है। वहीं रेलवे प्रबंधन इन मानव रहित फाटकों की व्यवस्था करने में विफल रहा है। बताया जा रहा है कि रोहतक से भिवानी के मध्य में करीब दो दर्जन मानव रहित रेलवे फाटक हैं।