प्रेमिका के साथ भागने वाले रंजीत कुमार (19) की बुधवार सुबह घर से दूर खेत में लाश मिली। प्रेमिका के भाई ने ही उसके परिजनों को फोन से शव की सूचना दी, मगर युवक के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रेमिका के घरवालों ने बंधक बनाकर उसकी हत्या के बाद शव खेत में छिपा दिया। सरायममरेज पुलिस ने कत्ल का नामजद केस लिखा। हालांकि, प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि रंजीत ने उसके सामने खेत में जहर खा लिया था।
सरायममरेज में बाबूपुर बेलौं गांव निवासी नान्हूराम पटेल सूरत में नौकरी करता है। रंजीत कुमार (19) उसकी पहली पत्नी का पुत्र था। दूसरी पत्नी राजकुमारी से दो बच्चे हैं। रंजीत भी उसके साथ सूरत में रहकर फैक्ट्री में काम करता था। वह मई में अपनी चचेरी बहन के ब्याह में गांव आने के बाद यहीं रुक गया था, जबकि पिता नान्हूराम सूरत लौट गया। बुधवार सुबह पड़ोसी मंगल कुमार पटेल ने रंजीत के चचेरे भाई को फोन किया और बताया कि रंजीत का शव धान के खेत में पड़ा है। उसने जहर खाकर जान दी है। परिजन पहुंचे तो रंजीत के शव के पास जहर की पुड़िया पड़ी थी। भीड़ जुटने लगी। मृतक रंजीत के परिजनों ने मंगला और उसके परिवार के लोगों पर कत्ल का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। खबर पाकर सरायममरेज पुलिस पहुंची मगर तब तक आरोपी परिवार के पुरुष फरार हो गए।
गारापुर गांव थरवई से आए रंजीत के मामा पारसनाथ पटेल ने पुलिस को तहरीर दी कि मंगलवार रात पड़ोसी रामबहादुर पटेल, उसके बेटे राजेश कुमार, सुरेश कुमार, मंगला कुमार ने रंजीत को अपने घर में बुलाकर मार डाला। फिर लाश घर से दूर अपने धान के खेत में फेंक दी। हत्या में रामबहादुर के परिवार की एक युवती का भी नाम दिया गया। पुलिस ने युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जबकि बाकी पुरुष आरोपी फरार थे।
सरायममरेज थाने की पुलिस को जांच और पूछताछ में जानकारी मिली कि रंजीत और पड़ोस की युवती के बीच प्रेम संबंध था। पांच रोज पहले रंजीत उस युवती को अपने साथ लेकर चला गया था। दो दिन पहले युवती के परिजनों ने उन दोनों को चिरौड़ा में रंजीत के मौसा के यहां से पकड़ लिया था। थानाध्यक्ष पीके राय के मुताबिक, प्रेमिका ने थाने में पूछताछ में बताया कि परिजन उसे लेकर चले आए थे, मगर रंजीत मौसा के ही घर में रहा था।
बुधवार सुबह करीब 5.30 बजे रंजीत ने उसे अपने नंबर से फोन किया और खेत में बुलाया। वह गोबर फेंकने के बहाने खेत में गई तो रंजीत मिला और साथ भाग चलने के लिए कहा। उसने पिता का डर बताकर इंकार किया तो रंजीत ने जहर की पुड़िया निकाली और कहा कि चलो दोनों साथ मर जाते हैं। युवती के मुताबिक, उसने मना किया तो रंजीत ने उसे थप्पड़ मारे। वह खेत से भाग आई और परिजनों को बताया। थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रेमिका के बयान की तस्दीक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल से हो जाएगी।